पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा का शनिवार को निधन हो गया. वो 65 साल के थे. बताया जा रहा है कि वो बीते एक महीने से अस्पताल में भर्ती थे और इलाज के दौरान ही उन्होंने आखिरी सांसें लीं. बाजवा फरवरी में अपने घर के बाथरूम में फिसल गए थे. उन्हें उस दौरान गंभीर चोटें आई थीं. जिसके बाद उन्हें तुरंत ही रावलपिंडी के मिलिट्री अस्पताल में इलाज के भर्ती कराया गया था.
हालत बिगड़ने पर ICU में भी थे
बाजवा की हालत इतनी गंभीर थी कि उन्हें कई दिनों तक ICU में भर्ती रखा गया था. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी की थी. डॉक्टरों ने सर्जरी को सफल बताया था. लेकिन सर्जरी के बाद भी उनकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ था. यही वजह थी कि डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए थी.
आपको बता दें कि 2016 से 2022 तक बाजवा पाकिस्तानी सेना के प्रमुख रहे थे. सेना से रिटायर होने के बाद भी वो देश की राजनीति और सुरक्षा मामलों में प्रभावशाली माने जाते थे. बाजवा पूर्व पीएम इमरान खान के साथ विवाद को लेकर काफी चर्चाओं में रहे थे. हालांकि, शुरुआत में इमरान खान और बाजवा के रिश्ते काफी अच्छे माने जाते थे लेकिन बाद में हालात बिल्कुल ही बदल गए.
यह भी पढ़ें: पाक सेना प्रमुख बाजवा के परिजन उनके कार्यकाल में बने अरबपति : पाकिस्तानी वेबसाइट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं