विज्ञापन

नाइफ, अम्मार, मुंजीर, नजीरा और अंसार... महिला ने एक साथ पांच बच्चों को दिया जन्म, क्यों दुर्लभ है ये मामला ?

35 वर्षीय बेदरिया अदेम ने चार लड़कों और एक लड़की को जन्म दिया है. बेदरिया और उनके पति की खुशी का ठिकाना नहीं है. वह 12 साल तक डिप्रेशन में थीं. 

नाइफ, अम्मार, मुंजीर, नजीरा और अंसार... महिला ने एक साथ पांच बच्चों को दिया जन्म, क्यों दुर्लभ है ये मामला ?
Hiwot Fana Specialized Hospital/FB

इथियोपिया के हरारी क्षेत्रीय राज्य से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने चिकित्सा जगत और आम लोगों को हैरान कर दिया है. यहां एक महिला ने शादी के 12 साल बाद एक साथ पांच बच्चों (क्विंटुपलेट्स) को जन्म दिया है. यह मामला इसलिए बेहद खास है क्योंकि महिला ने किसी वैज्ञानिक तकनीक का सहारा नहीं लिया. 12 साल तक संतान सुख के लिए तरस रही इस मां की गोद अब एक साथ पांच बच्चों की किलकारियों से भर गई है. उन्होंने  प्राकृतिक रूप से गर्भधारण किया है.

35 वर्षीय बेदरिया अदेम ने चार लड़कों और एक लड़की को जन्म दिया है. बेदरिया और उनके पति की खुशी का ठिकाना नहीं है. बीबीसी रिपोर्ट के मुताबिक, बेदरिया 12 साल तक डिप्रेशन में थीं. 

5.5 करोड़ में से एक मामला, क्यों दुर्लभ है यह? 

चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, बिना किसी आईवीएफ (IVF) या दवाओं के प्राकृतिक रूप से पांच बच्चों का गर्भधारण करना एक अत्यंत दुर्लभ घटना है. डॉक्टरों के मुताबिक, प्राकृतिक रूप से पांच बच्चों के गर्भाधान की संभावना लगभग 5.5 करोड़ मामलों में से केवल एक की होती है. इथियोपिया के हिवोट फाना स्पेशलाइज्ड अस्पताल में बेदरिया ने बच्चों का जन्म दिया.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Hiwot Fana Comprehensive Specialized Hospital/FB

बेदरिया ने मंगलवार रात सिजेरियन ऑपरेशन (सी-सेक्शन) के जरिए बच्चों को जन्म दिया. जन्म के समय बच्चों का वजन 1.3 से 1.4 किलोग्राम के बीच था. डॉक्टरों का कहना है कि एक किलो से अधिक वजन वाले नवजातों के जीवित रहने और स्वस्थ रूप से बढ़ने की संभावना काफी अधिक होती है. फिलहाल मां और पांचों बच्चे अस्पताल में डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं.

समाज के तानों से डिप्रेशन तक का सफर

संतान न होने के कारण बेदरिया ने पिछले 12 साल बहुत मुश्किलों में बिताए. उनके पति की पिछली शादी से एक बच्चा है जो उनके साथ ही रहता है. उनके पति हमेशा कहते थे कि एक बच्चा काफी है और उन्हें चिंता नहीं करनी चाहिए, लेकिन बेदरिया को सामाजिक और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ती थी. पूरा गांव उनकी संतान पैदा न कर पाने की क्षमता पर सवाल उठाता था.

गर्भावस्था के दौरान शुरुआती जांच में बेदरिया को बताया गया था कि उनके पेट में चार बच्चे हैं, लेकिन ऑपरेशन के वक्त डॉक्टरों को पता चला कि एक बच्चा और है. बेदरिया कहती हैं कि वह अतीत के उन दुखों को अब याद भी नहीं करना चाहतीं, क्योंकि अब उनके घर में रौनक आ गई है. इन पांचों बच्चों के नाम नाइफ, अम्मार, मुंजीर, नजीरा और अंसार रखे गए हैं.

पालन-पोषण के लिए सरकार से उम्मीद

खुशी के साथ-साथ अब बेदरिया के सामने इन बच्चों के भविष्य को लेकर एक बड़ी चुनौती भी है. बेदरिया एक सामान्य किसान हैं जो गुजारे लायक खेती करती हैं. उन्होंने चिंता जताई कि एक साथ इतने बड़े परिवार का खर्च उठाना उनके लिए आसान नहीं होगा. हालांकि, उन्हें भरोसा है कि ऊपर वाला रास्ता दिखाएगा और उन्हें अपनी कम्युनिटी और सरकार से मदद मिलेगी.

यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में शांति की कोशिशें तेज, इजरायल और लेबनान के बीच हो सकता है समझौता, अमेरिका है मध्यस्थ

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com