विज्ञापन
This Article is From Sep 29, 2014

पूरा विश्व अमेरिका आता है, लेकिन पूरी दुनिया में रहते हैं भारतीय : प्रधानमंत्री

पूरा विश्व अमेरिका आता है, लेकिन पूरी दुनिया में रहते हैं भारतीय : प्रधानमंत्री
न्यूयॉर्क:

विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत और सबसे पुराने लोकतंत्र अमेरिका के बीच तुलना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि पूरे विश्व के लोग अमेरिका में रहने आते हैं जबकि भारतीय पूरी दुनिया में रहते हैं।

मैनहटन के बीचों बीच स्थित इंडोर स्टेडियम मैडिसन स्क्वेयर गार्डन में अपने स्वागत के लिए आयोजित कार्यक्रम में अनिवासी भारतीयों की विशाल भीड़ को हिन्दी में संबोधित करते हुए मोदी ने उन्हें भारत आने का न्यौता दिया और हाल में शुरू किए गए अभियान 'मेक इन इंडिया' के तहत व्यवसाय शुरू करने को कहा।

उन्होंने कहा कि भारत अब संपेरों का देश नहीं रह गया है। 'हमारे पूर्वज सांप से खेलते थे लेकिन आज हमारे लोग (कंप्यूटर के) माउस से खेलते हैं।.. हमारे नौजवान माउस घुमाते हैं और सारी दुनिया को डुलाते हैं।'

प्रधानमंत्री ने कहा, 'अमेरिका विश्व का सबसे पुराना लोकतंत्र है और भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र। पूरे विश्व के लोग अमेरिका में रहने आते हैं लेकिन भारत के लोग दुनिया भर में रहते हैं।'

अमेरिका और पूरे विश्व में भारत के स्थान को आगे ले जाने के लिए उन्होंने अनिवासी भारतीयों द्वारा निभायी गई भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा, 'मेरे देशवासियों जिन्होंने हजारों मील दूर से यहां आकर भारत की इज्जत को बढ़ाया है। उसकी आन बान शान को बढ़ाया है वरना एक जमाना था जब हमारे देश को सांप.संपेरों वाला देश माना जाता था। आपने और देश की युवा पीढ़ी ने इंफॉर्मेशन टेक्नोलाजी में जो काम किया है, वह नहीं किया होता तो दुनिया आज भी हमें सांप-संपेरों वाला देश ही मानती।'

प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत एवं स्वच्छ गंगा जैसे अभियानों के लिए उनके सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गंगा की सफाई उनके आर्थिक एजेंडा का अंग है क्योंकि भारत की करीब 40 प्रतिशत आबादी की आर्थिक स्थिति नदी से जुड़ी हुई है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com