- ब्रिटेन ने इतिहास में सीमाएं तय कीं, लेकिन आज उसे अपने समुद्री तट की सटीक लंबाई का पता नहीं है
- ब्रिटेन की तटरेखा की लंबाई के आंकड़ों में हजारों मील का अंतर है, विभिन्न संस्थाओं के अनुसार अलग-अलग माप हैं
- तटरेखा मापने में कोस्टलाइन पैराडॉक्स नामक वैज्ञानिक समस्या है. ये घुमावदार रास्तों को मापने से होती है
इतिहास के पन्नों को पलटें तो याद आता है कि कैसे अंग्रेजों ने एक टेबल पर बैठकर नक्शे पर लकीर खींची और भारत के भूगोल को सरहदों में बांट दिया. लेकिन आज वही ब्रिटेन एक अजीबोगरीब पशोपेश में फंसा है. ताज्जुब की बात यह है कि जिस देश ने दुनिया के आधे हिस्से पर राज किया और सीमाएं तय कीं, उसे आज खुद अपने ही देश के समुद्री तट की सटीक लंबाई नहीं पता. हाल ही में किंग चार्ल्स III ने इंग्लैंड के चारों ओर एक नए 'हाइकिंग ट्रेल' (पैदल चलने का रास्ता) का उद्घाटन किया है, लेकिन एक वैज्ञानिक विरोधाभास के कारण कोई भी यह दावे से नहीं कह सकता कि यह तट असल में कितना लंबा है.
पिछले महीने शुरू हुआ 'किंग चार्ल्स III इंग्लैंड कोस्ट पाथ' जब इस साल के अंत तक पूरी तरह तैयार हो जाएगा, तो यह दुनिया का सबसे लंबा प्रबंधित तटीय मार्ग बन जाएगा.
कहीं 7 हजार तो कहीं 12 हजार मील है लंबाई
ब्रिटेन की तटरेखा को लेकर आंकड़े में भारी अंतर है. 'सीआईए वर्ल्ड फैक्टबुक' इसे 7,723 मील (12,429 किमी) बताता है, जबकि 'वर्ल्ड रिसोर्स इंस्टीट्यूट' के मुताबिक यह 12,251 मील (19,716 किमी) है. यानी दो प्रतिष्ठित संस्थाओं के आंकड़ों में ही 4,500 मील से ज्यादा का फासला है.
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह समस्या सिर्फ ब्रिटेन तक सीमित नहीं है. अमेरिका के मामले में तो यह अंतर और भी डरावना है. सीआईए इसे 12,380 मील मानता है, जबकि वहां की एक अन्य एजेंसी 'नोआ' (NOAA) के अनुसार यह 95,471 मील है.
कोस्टलाइन पैराडॉक्स क्या है?
रिचर्डसन ने गौर किया कि स्पेन और पुर्तगाल अपनी साझा सीमा की लंबाई अलग-अलग बताते थे. उन्होंने महसूस किया कि तटरेखाएं या सीमाएं कभी सीधी नहीं होतीं. जब हम किसी नक्शे को बड़े पैमाने पर मापते हैं, तो हम छोटी-छोटी घुमावदार कड़ियों और खाड़ियों को छोड़ देते हैं. लेकिन जैसे-जैसे मापने वाला पैमाना (Ruler) छोटा होता जाता है, वह तट के हर छोटे मोड़ और नुकीले हिस्से को पकड़ने लगता है. नतीजा यह होता है कि पैमाना जितना छोटा होगा, कुल लंबाई उतनी ही बढ़ती जाएगी.
यही वह विडंबना है जिसने दुनिया को सीमाओं का पाठ पढ़ाने वाले ब्रिटेन को उलझा रखा है. जिस देश ने रेडक्लिफ लाइन जैसी सरहदें खींचकर मुल्कों की तकदीर तय कर दी, वह आज कुदरत के बनाए घुमावदार रास्तों के सामने बेबस है.
यह भी पढ़ें: मेक्सिको में आर्मी को जंग के लिए तैयार ही नहीं किया जाता, फिर आखिर क्या करती है वहां की फौज?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं