विज्ञापन
This Article is From Aug 12, 2017

अगर उत्‍तर कोरिया ने अमेरिका के खिलाफ कार्रवाई की तो तानाशाह किम जोंग उन को पछताना पड़ेगा : डोनाल्‍ड ट्रंप

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने टि्वटर पर अपने 3 करोड़ 55 लाख फॉलोअर्स से कहा कि अगर उत्तर कोरिया ''मूर्खतापूर्ण'' कार्रवाई करता है तो परमाणु संपन्न देश के खिलाफ सैन्य विकल्प तैयार हैं.

Also Read in
अगर उत्‍तर कोरिया ने अमेरिका के खिलाफ कार्रवाई की तो तानाशाह किम जोंग उन को पछताना पड़ेगा : डोनाल्‍ड ट्रंप
डोनाल्‍ड ट्रंप ने उत्‍तर कोरिया को धमकी दी है.(फाइल फोटो)
  • उत्‍तर कोरिया और चीन के बीच बढ़ रही तनातनी
  • उत्‍तर कोरिया ने अमेरिकी क्षेत्र गुआम पर हमले की धमकी दी
  • ट्रंप ने कहा कि तानाशाह किम को गंभीर अंजाम भुगतने होंगे
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने गुआम या अमेरिका के किसी अन्य क्षेत्र के खिलाफ कोई प्रतिकूल कार्रवाई की उसे ''सच में पछताना'' पड़ेगा. ट्रंप ने न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर में संवाददाताओं से कहा, ''अगर वह (किम जोंग-उन) खुल्लम-खुल्ला धमकी देते हैं जैसा कि वह और उनका परिवार कई वर्षों से दे रहा है या वह गुआम या अमेरिकी क्षेत्र या अमेरिका के किसी सहयोग के क्षेत्र के संबंध में कुछ करते हैं तो उन्हें सच में इस पर पछताना होगा और उन्हें जल्द ही पछताना होगा.'' ट्रंप बेडमिंस्टर में अपने घर में गर्मियों की छुट्टियां बिता रहे हैं.

उत्‍तर कोरिया को धमकी
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने टि्वटर पर अपने 3 करोड़ 55 लाख फॉलोअर्स से कहा कि अगर उत्तर कोरिया ''मूर्खतापूर्ण'' कार्रवाई करता है तो परमाणु संपन्न देश के खिलाफ सैन्य विकल्प तैयार हैं. उन्होंने एक ट्वीट में लिखा, ''अगर उत्तर कोरिया मूर्खतापूर्ण तरीके से पेश आता है तो सैन्य हल पूरी तरह से तैयार हैं. उम्मीद करता हूं कि (उत्तर कोरियाई नेता) किम जोंग उन दूसरा रास्ता ढूंढ लेंगे.'' ट्रंप ने उत्तर कोरिया के खिलाफ अपने रुख को सही ठहराया और दावा किया कि अमेरिकी लोग उनकी टिप्पणियों से खुश हैं.

पढ़ें: उत्तर कोरिया के खिलाफ ''सभी विकल्पों पर कर रहे विचार'': अमेरिका

उन्होंने कहा, ''मेरे आलोचक ऐसा कह रहे हैं क्योंकि यह मैं हूं. अगर कोई और ऐसे ही शब्द बोलता जो मैंने बोले तो वे कहते कि यह अच्छा बयान है, क्या शानदार बयान है.'' उन्होंने कहा, ''लेकिन मैं आपको बता दूं, इस देश में करोड़ों लोग हैं जो मेरे बयानों से खुश हैं क्योंकि वे कहते हैं कि आखिरकार हमारे पास ऐसा राष्ट्रपति है जो हमारे देश, हमारे दोस्तों और हमारे सहयोगियों के लिए खड़ा रहता है. यह व्यक्ति जो भी कर रहा है उससे पीछे नहीं हटेगा. मेरा विश्वास कीजिए.''

पढ़ें: बढ़ती तनातनी- अमेरिकी बमवर्षक विमानों ने कोरिया प्रायद्वीप में अभ्‍यास कर दिखाई ताकत

गुआम में सैन्य समाधानों पर अपने ट्वीट के बारे में ट्रंप ने कहा, ''मुझे लगता है कि यह बहुत स्पष्ट है. हम उस पर बहुत सावधानीपूर्वक विचार कर रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि वे जो मैंने कहा उसकी गंभीरता को समझने की कोशिश करेंगे और मैंने वही कहा जो मैं मानता हूं.'' उन्होंने कहा कि वह उत्तर कोरिया के साथ पिछले रास्ते से बातचीत के बारे में बात नहीं करना चाहते जैसा कि कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा जा रहा है.

VIDEO: मालाबार युद्धाभ्‍यास


उन्होंने कहा, ''हम पिछले रास्ते से बात करने के बारे में बात नहीं करना चाहते. हम एक ऐसे देश के बारे में बात करना चाहते हैं जो कई वर्षों, असल में दशकों से दुर्व्यवहार कर रहा है और वे इस मुद्दे पर बात नहीं करना चाहते और मेरे पास इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है और मैं इस पर बात कर रहा हूं.'' ट्रंप ने कहा, ''हम या तो जल्द ही बहुत, बहुत सफल होंगे या हम जल्द ही अलग तरीके से बहुत, बहुत सफल होने जा रहे हैं.''

इनपुट: भाषा
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Donald Trump, Kim Jong Un
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com