- अमेरिकी की पहली स्पेस एकेडमी के लिए ट्रंप ने एक कमीशन बनाने का आदेश दिया है.
- स्पेस एकेडमी नासा के नेतृत्व में बनेगी और वेस्ट पॉइंट व एयर फोर्स एकेडमी के स्तर की होगी.
- कमीशन को 120 दिनों में US स्पेस एकेडमी से जुड़ा पूरा ब्लूप्रिंट तैयार करना है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने देश की पहली स्पेस एकेडमी (US Space Academy) डिजाइन करने के लिए एक कमीशन बनाने का आदेश दिया है. नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर (Johnson Space Center, NASA) में एक समारोह के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि चांद, मून बेस और मंगल जैसे भविष्य के मिशनों के लिए कुशल सर्विस मेंबर्स, इंजीनियर्स और सिविल ऑपरेटर्स की पूरी नई पीढ़ी तैयार करने की जरूरत है. नासा के नेतृत्व में बनने वाला यह संस्थान वेस्ट पॉइंट और एयर फोर्स एकेडमी के स्तर का होगा. नासा प्रशासक जेरेड आइजैकमैन की अध्यक्षता वाला यह कमीशन 120 दिनों में एकेडमी के सिलेबस, जगह और नियमों का ब्लू प्रिंट सौंपेगा.
US स्पेस एकेडमी होगा नाम
प्रेसिडेंट ट्रंप ने कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करते हुए बताया कि इसे यूएस स्पेस एकेडमी कहा जाएगा. राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकारी आदेश के तहत 'यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस एकेडमी' के गठन के लिए एक विशेष कमीशन बनाया गया है. यह संघीय संस्थान नासा की अगुवाई में संचालित होगा, जिसमें एडवांस तकनीकी शिक्षा के साथ लीडरशिप, अनुशासन और लोक सेवा का प्रशिक्षण दिया जाएगा. नासा के प्रशासक जेरेड आइजैकमैन इस आयोग की अध्यक्षता करेंगे. नासा के उप प्रशासक मैट एंडरसन इसके कार्यकारी निदेशक के रूप में काम करेंगे.
समारोह में ट्रंप ने कहा कि इस संस्थान को अमेरिका की स्थापित सर्विस एकेडमियों के बराबर होना चाहिए. इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि और चाहे वह वेस्ट पॉइंट हो, एनापोलिस हो, कोस्ट गार्ड एकेडमी हो, अगर आप एयर फोर्स एकेडमी को देखें, तो हम आपके लोगों के लिए एक एकेडमी बनाने जा रहे हैं, इस कमरे में हर कोई उत्साहित होगा, और यह उसी स्तर पर होगा.
ट्रंप ने की भारतीय मूल के अनिल मेनन की तारीफ
ह्यूस्टन स्थित नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर से हुई बातचीत के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री व स्पेस फोर्स के कर्नल अनिल मेनन, उनके दो साथियों जेसिका मायर और जैक हैथवे की सराहना की है. ट्रंप ने कहा कि आपके साथ होना बहुत सम्मान की बात है और मैं जेसिका, अनिल और जैक का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं. इस पर स्पेस स्टेशन पर मौजूद कर्नल मेनन ने स्पेस एकेडमी बनाने के प्लान का स्वागत करते हुए कहा, "धन्यवाद, मैं कहना चाहूंगा कि स्पेस फोर्स में कर्नल के रूप में, मुझे सबसे बड़े डोमेन में सेवा करने पर बहुत गर्व है."
अंतरिक्ष यात्री मेनन ने आगे कहा कि यह कदम चंद्रमा, मून बेस और मंगल ग्रह तक अमेरिका के सफर का मार्ग प्रशस्त करेगा. ट्रंप ने क्रू को धरती पर लौटने के बाद व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस आने का न्योता भी दिया. इस दौरान समारोह में डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टेमिस-2 के 4 अंतरिक्ष यात्रियों को कांग्रेशनल स्पेस मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित भी किया.
4 अंतरिक्ष यात्रियों को कांग्रेशनल स्पेस मेडल ऑफ ऑनर
समारोह में नासा के अंतरिक्ष यात्री रीड वाइसमैन, विक्टर ग्लोवर, क्रिस्टीना कोच और कनाडाई अंतरिक्ष एजेंसी के जेरेमी हैनसेन को सम्मानित किया गया. वे 2023 के बाद कांग्रेशनल स्पेस मेडल ऑफ ऑनर से सम्मानित होने वाले पहले लोग हैं. बता दें कि ट्रंप ने 2019 में 'यूएस स्पेस फोर्स' का गठन किया था. उनका आर्टेमिस II मिशन (Artemis II Mission) 1 अप्रैल को लॉन्च हुआ और 10 अप्रैल को चंद्र फ्लाईबाई के बाद स्प्लैशडाउन हुआ. नासा के अनुसार, क्रू ने पृथ्वी से 252,756 मील की यात्रा की, जो उनसे पहले किसी भी इंसान से अधिक है और कुल 695,081 मील की दूरी तय की. अब प्रस्तावित 'यूएस स्पेस एकेडमी' सैन्य, नागरिक और वाणिज्यिक अंतरिक्ष क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए स्पेस प्रोफेशनल्स की एक मजबूत पीढ़ी तैयार करेगी.
यह भी पढे़ं-
कौन हैं भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री अनिल मेनन? जिनकी तारीफ में डोनाल्ड ट्रंप ने कह दी ये बात
नासा के कंप्यूटर को हराने वाला बिहार का वो लाल, आखिरी वक्त में एक एम्बुलेंस तक नसीब नहीं हुई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं