विज्ञापन

US मिडटर्म में एलन मस्क ने झोंका 4,700 करोड़ रुपये, अब कैसे डेमोक्रेट्स के निशाने पर आ गए हैं?

2026 के अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में एलन मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में करीब 4,700 करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन पार्टी को बड़ी हार का सामना करना पड़ा. टेक्सास में तीन दशक बाद डेमोक्रेटिक गवर्नर चुना गया और डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर कब्जा जमा लिया.

US मिडटर्म में एलन मस्क ने झोंका  4,700 करोड़ रुपये, अब कैसे डेमोक्रेट्स के निशाने पर आ गए हैं?
फाइल फोटो
NDTV

अरबपति कारोबारी एलन मस्क ने 2026 के मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन के लिए करीब 4,700 करोड़ रुपये खर्च किए, लेकिन चुनावी नतीजों ने उनकी राजनीतिक रणनीति को बड़ा झटका दे दिया. रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद अब मस्क के विशाल कारोबारी साम्राज्य पर डेमोक्रेटिक पार्टी की नजरें टिक गई हैं और उनके खिलाफ जांच की आशंका जताई जा रही है.

दरअसल, मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों का खुलकर समर्थन किया और यह सुनिश्चित करने के लिए भी भारी धनराशि खर्च की कि टेक्सास राज्य रिपब्लिकन गढ़ बना रहे. टेक्सास मस्क का निवास स्थान होने के साथ-साथ उनकी कई प्रमुख कंपनियों का परिचालन केंद्र भी है. इससे पहले वह 2024 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के लिए भी 25 करोड़ डॉलर से अधिक खर्च कर चुके थे.

हालांकि, इस बार चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल गई. रिपब्लिकनों को बड़ा झटका लगा और टेक्सास में तीन दशक से ज्यादा समय बाद पहली बार किसी डेमोक्रेट उम्मीदवार ने गवर्नर पद जीता. जीना हिनोजोसा ने रिपब्लिकन नेता ग्रेग एबॉट को हराकर इतिहास रच दिया. वहीं डेमोक्रेट्स ने कांग्रेस के दोनों सदनों पर भी कब्जा जमा लिया.

मतदान शुरू होने के दिन मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समर्थकों से रिपब्लिकन उम्मीदवारों के पक्ष में वोट डालने की अपील की थी. लेकिन मतदाताओं ने अलग फैसला सुनाया और चुनाव परिणाम रिपब्लिकन पार्टी के लिए निराशाजनक रहे.

डेमोक्रेट्स की जांच की आशंका पर मस्क की चेतावनी

चुनावी नतीजों के बाद ऐसी खबरें सामने आईं कि डेमोक्रेटिक पार्टी सत्ता में आने के बाद मस्क के कारोबारी साम्राज्य की गहन जांच शुरू कर सकती है. इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए मस्क ने एक्स पर चेतावनी दी है.

उन्होंने एक रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "जो तलवार उठाएगा, वह तलवार से ही मरेगा. जो लोग मुझसे उलझना चाहते हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि मैं यह पता लगा लूंगा कि असली डोर कौन खींच रहा है और फिर मैं सिर्फ कठपुतलियों नहीं, बल्कि उनके पीछे मौजूद लोगों तक पहुंचूंगा."

मस्क का यह बयान ऐसे समय आया है जब वॉशिंगटन में उनके कारोबारी हितों और सरकारी प्रभाव को लेकर बहस तेज हो गई है.

बाजार ने भी दिखाई चिंता

राजनीतिक अनिश्चितता का असर बाजार में भी दिखाई दिया. चुनावी नतीजों के बाद प्री-मार्केट ट्रेडिंग में स्पेसएक्स के शेयरों में 3.8 फीसदी और टेस्ला के शेयरों में 3.6 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई. दोनों कंपनियां व्यापक बाजार से कमजोर प्रदर्शन करती नजर आईं.

विश्लेषकों का मानना है कि यदि नई राजनीतिक परिस्थितियों में डेटा सेंटरों को मिलने वाली मंजूरियां धीमी पड़ती हैं, तो इसका असर मस्क के भविष्य के कारोबारी विस्तार पर पड़ सकता है. खास तौर पर स्पेसएक्स के लिए यह महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसने अपने आईपीओ से पहले निवेशकों के सामने बेहद बड़े बाजार अवसरों का हवाला दिया था.

मस्क क्यों हैं डेमोक्रेट्स के निशाने पर?

डेमोक्रेटिक सांसद पिछले कुछ समय से मस्क के कई फैसलों और गतिविधियों को लेकर सवाल उठाते रहे हैं. इनमें यूक्रेन की सैन्य सैटेलाइट संचार सेवाओं पर लगाए गए प्रतिबंध, सरकार के खर्च में कटौती को लेकर उनकी भूमिका तथा उनकी कंपनियों को मिलने वाले विशाल सरकारी ठेके और सब्सिडी जैसे मुद्दे शामिल हैं.

मिडटर्म चुनाव में जीत के बाद प्रतिनिधि सभा की ओवरसाइट कमेटी के भावी अध्यक्ष रॉबर्ट गार्सिया ने ट्रंप, उनके परिवार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा, "अपने वकील तैयार रखिए."

अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की ओवरसाइट कमेटी के पास व्यापक जांच शक्तियां होती हैं. यह गवाहों को बुला सकती है, सरकारी दस्तावेज मांग सकती है और समन जारी कर संबंधित पक्षों को सहयोग के लिए बाध्य कर सकती है. 

यह भी पढ़ें: 'ईरान से हुए युद्ध की वजह से हार गए इलेक्शन', मिडटर्म चुनाव के नतीजों पर जेडी वेंस का बड़ा बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Elon Musk, US Midterm
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com