विज्ञापन
This Article is From Jan 13, 2011

चीन का ऐलान, नत्थी वीजा देना जारी रखेंगे

Quick Reads
Summary is AI generated, newsroom reviewed.
चीनी अधिकारी ने नाम नहीं उजागर करने की शर्त पर बताया कि अरूणाचल प्रदेश के नागरिकों के लिए वीजा नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
नई दिल्ली: चीन ने बुधवार को स्पष्ट कर दिया है कि वह अरूणाचल प्रदेश के किसी अधिकारी को वीजा नहीं देगा और प्रदेश के अन्य नागरिकों को नत्थी वीजा देना जारी रखेगा। चीन, अरूणाचल प्रदेश पर अपना दावा जताता है। पूर्व के चलन के विपरीत अरूणाचल प्रदेश के दो नागरिकों को हाल ही में नत्थी वीजा दिए जाने की रिपोर्ट की पृष्ठभूमि में चीनी उच्चायोग के एक अधिकारी ने नाम नहीं उजागर करने की शर्त पर बताया कि अरूणाचल प्रदेश के नागरिकों के लिए वीजा नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अधिकारी ने कहा, अरूणाचल प्रदेश के नागरिकों के लिए हमारी वीजा नीति में कोई बदलाव नहीं आया है। चीन इस प्रदेश के अधिकारियों को वीजा नहीं जारी करता है और आगे भी ऐसा नहीं करेगा। अन्य नागरिकों के लिए हम केवल नत्थी वीजा जारी करते हैं। अरूणाचल प्रदेश के लोगों को नत्थी वीजा जारी करने की घटना उस समय समने आई जब राज्य के दो खिलाड़ियो को आव्रजन अधिकारियों ने रोक दिया क्योंकि चीनी उच्चायोग ने उन्हें नत्थी वीजा जारी किया था। भारतीय भरोत्तोलन संघ के संयुक्त सचिव अव्राहम के टेची के साथ राज्य के एक भारोत्तोलक को नयी दिल्ली स्थित आईजीआई हवाईअड्डे पर आव्रजन अधिकारियों ने रोक दिया था क्योंकि चीनी उच्चायोग ने उन्हें नत्थी वीजा जारी किया था। बहरहाल, चीन के कदम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा कि अरूणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न अंग है और इस बारे में चीनी पक्ष को सूचित कर दिया गया है कि जाति या स्थान से परे भारत के नागरिकों को वीजा जारी करने के लिए समान प्रक्रिया अपनायी जानी चाहिए। इस मामले में मंत्रालय ने नवंबर 2009 में भारतीय नागरिकों को जारी किये गए परामर्श की ओर इशारा किया जिसमें कहा गया था कि पासपोर्ट के साथ नत्थी वीजा मान्य नहीं होंगे। गौरतलब है कि चीन ने जम्मू कश्मीर के लोगों को 2008 से नत्थी वीजा जारी करना शुरू किया था जिसका उद्देश्य इसे विवादित क्षेत्र के रूप में पेश करना था। अरूणाचल प्रदेश के मामले में इस क्षेत्र के लोगों को पहले वीजा जारी नहीं किये गए।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारत, चीन, वीजा, नत्थी, India, China. Staple Visa
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com