China Jinjiang Shoe Factory Fire: दक्षिण-पूर्वी चीन के जिनजियांग शहर में स्थित एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई है. यह जानकारी चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ने दी है. चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ द्वारा जारी वीडियो में फैक्ट्री भवन से ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखाई दे रही हैं. साथ ही आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार फैला हुआ नजर आ रहा है. वीडियो में कुछ लोग फैक्ट्री की छत पर फंसे हुए भी दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे थे. चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इससे पहले कहा था कि इस आग में "भारी जनहानि" हुई है, जिससे संकेत मिलता है कि मृतकों और घायलों की संख्या काफी अधिक हो सकती है.
A fire broke out at a footwear factory in east China's Fujian Province on July 9, causing major casualties and leaving several people trapped on a building rooftop. pic.twitter.com/bKhU6C58hh
— CCTV+ (@CCTV_Plus) July 9, 2026
दोपहर में लगी आग, फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी
फुजियान प्रांत का जिनजियांग शहर चीन के प्रमुख फुटवियर निर्माण केंद्रों में शामिल है. जूता उद्योग में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के कारण इसे अक्सर "चीन की जूता राजधानी (Shoe Capital)" कहा जाता है. यह आग गुरुवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12 बजे (भारतीय समयानुसार लगभग सुबह 9:30 बजे) हुईटेंग फुटवियर फैक्ट्री में लगी थी.
आग लगते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई. कुछ कर्मचारी समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई लोग इमारत के भीतर और छत पर फंस गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ लोग जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों की ओर भागे.
WATCH: Person jumps from a building after a massive fire erupted at a shoe factory in Jinjiang, Fujian Province, China; major casualties reported. pic.twitter.com/e0xPmhLAqj
— Scope Report (@ScopeReport_) July 9, 2026
छत पर फंसे कर्मचारियों के बीच पहुंचा धुआं
घटना के बाद सामने आए वीडियो में फैक्ट्री की ऊपरी मंजिलों से घना काला धुआं निकलता दिखाई दिया. छत पर मौजूद कई कर्मचारी चारों ओर फैलते धुएं के बीच मदद का इंतजार करते नजर आए. कुछ रिपोर्टों में यह भी दावा किया गया कि आग और धुएं से बचने के लिए एक व्यक्ति ने ऊंचाई से छलांग लगा दी.
बड़े स्तर पर चलाया गया बचाव अभियान
आग की सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. स्थानीय प्रशासन के अनुसार राहत और बचाव कार्य के लिए 183 बचावकर्मियों को तैनात किया गया. 35 दमकल और आपातकालीन वाहन भेजे गए. कई घंटों तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा. शाम तक खुली लपटों को काफी हद तक नियंत्रित कर लिया गया था, लेकिन फैक्ट्री परिसर में धुआं बना रहा.
भूतल से शुरू हुई आग, तेजी से फैल गई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग फैक्ट्री के ग्राउंड फ्लोर यानी भूतल से शुरू हुई थी. अधिकारियों के अनुसार जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल, रसायन और चिपकाने वाले पदार्थ (एडहेसिव) अत्यधिक ज्वलनशील होते हैं. इसी कारण आग बहुत तेजी से पूरी इमारत में फैल गई. बचाव दलों ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में मौजूद रासायनिक पदार्थों के कारण वहां तेज और तीखी गंध फैल गई थी, जिससे आंखों में जलन हो रही थी.
चीन का बड़ा फुटवियर उत्पादन केंद्र है जिनजियांग
जिनजियांग को चीन की "शू कैपिटल" यानी जूता राजधानी कहा जाता है. यह शहर जूता और परिधान उद्योग का बड़ा केंद्र माना जाता है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 2024 में यहां की हजारों कंपनियों ने 1.2 अरब से अधिक जोड़ी जूतों का उत्पादन किया था, जो दुनिया के कुल जूता उत्पादन का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा है. यही वजह है कि इस फैक्ट्री में लगी आग को चीन के औद्योगिक क्षेत्र की बड़ी घटनाओं में गिना जा रहा है.
यह भी पढ़ें : Video: अली खामेनेई का अंतिम सफर: फाइटर जेट्स की सुरक्षा में मशहद पहुंचा ताबूत, आज होगा अंतिम संस्कार
यह भी पढ़ें : दुनिया का सबसे बड़ा साइबर ऑपरेशन : इंटरपोल का 97 देशों में एक्शन, 5 हजार 811 गिरफ्तार; 2,500 करोड़ रुपये फ्रीज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं