रोबोट उज्जैन में नाच रहा है और उसकी तारीफ चीन कर रहा है! पहली नजर में आपको यह लाइन पढ़कर लगेगा कि आखिर यह कैसे और क्यों हो गया. लेकिन यह सच है. आजकल मध्य प्रदेश में एक चीनी रोबोट वायरल हो रहा है. यह रोबोट दुकानों का उद्घाटन कर रहा है, नारंगी पट्टा गले में डालकर भक्ति गानों पर डांस कर रहा है, सिक्योरिटी टीम के साथ घूम रहा है. अब चीन का सरकारी और सत्तारूढ़ चीनी कम्युनिस्ट पार्टी समर्थित अखबार ने इसपर कमेंट किया है.
चीन के सरकारी अखबार ने क्या कहा?
ग्लोबल टाइम्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर महाकाल के गाने पर डांस करते इस चीनी रोबोट का वीडियो शेयर किया और लिखा, "भारत के उज्जैन में एक सैंडविच शॉप की ओपनिंग के दौरान, सिक्योरिटी के साथ शानदार एंट्री करते और डांस करते हुए चीनी यूनिट्री रोबोट का यह वीडियो देखें. यह इनोवेशन और संस्कृति का एक दिलचस्प संगम है!"
Watch this video of a #Chinese #Unitree robot accompanied by security, making a grand entrance and #dancing at a sandwich shop opening in India's #Ujjain. 🤖🥪 A fascinating fusion of innovation and culture! pic.twitter.com/ySQUJiNcn3
— Global Times (@globaltimesnews) August 26, 2026
सोशल मीडिया पर वायरल है यह रोबोट
मध्य प्रदेश की धर्म नगरी उज्जैन में एक सैंडविच दुकान की ओपनिंग किसी सेलिब्रिटी या खास मेहमान से नहीं, बल्कि एक रोबोट से कराया गया. चीनी रोबोटिक्स कंपनी यूनिट्री (Unitree) के बनाए इस रोबोट की कमांडो सुरक्षा घेरे के बीच दुकान में एंट्री हुई और यहां तो उसने जोरदार डांस भी किया. खास बात यह भी थी कि चीनी रोबोट को एकदम महाकाल भक्त वाला लुक दिया गया था. दुकान पहुंचने पर उसके गले में भगवा दुपट्टा डालकर सम्मान किया गया. इसके बाद उसे दुकान के अंदर घुमाया गया और अलग-अलग सैंडविच दिखाए गए. इसके बाद रोबोट का तिलक कर विधि-विधान से पूजन भी किया गया.
चीन रोबोट बनाने में दुनिया को दे रहा मात
यूनिट्री रोबोटिक्स चीन की सबसे मशहूर ह्यूमनॉइड बनाने वाली कंपनी है. ह्यूमनॉइड यानी ऐसे रोबोट जो दिखने में इंसानों की तरह होते हैं. एक हफ्ते पहले ही इस स्टार्टअप कंपनी ने शंघाई के शेयर बाजार में एंट्री मारी है. पहले दिन इस कंपनी के शेयर अपने पीक पर 629 प्रतिशत तक गए थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं