- चीन के ग्वांग्शी प्रांत में भारी बारिश की वजह से एक सांप फार्मढहने से 900 सांप सड़कों पर आ गए
- इन सांपों में कई जहरीले कोबरा शामिल हैं जो बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फैल गए हैं और लोगों के लिए खतरा बने हैं
- भारी बारिश और बाढ़ की वजह से चीन में 62 नदियों का जलस्तर बाढ़ चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच चुका है
एक सांप को देखते ही किसी भी इंसान के मन में दहशत फैल जाती है. सोचिए अगर सैकड़ों सापों का झुंड सामने आ जाए तो क्या हाल हो. चीन से एक ऐसा ही मामला सामने आया है. भारी बारिश से आई बाढ़ में 900 सांप सड़क पर खुलेआम घूम रहे हैं, जिनमें से कई तो बहुत ही जहरीले भी हो सकते हैं. सांपों की दहशत चीन में इन दिनों चर्चा में बनी हुई है. लोग हाथ में लाठी-डंडे लिए उनको पकड़ने के लिए बाढ़ के पानी में घुस रहे हैं.
इतने सांप आए कहां से?
बता दें कि गुआंग्शी में सांप पालने का सबसे बड़ा सेंटर है. यहां दवाओं, चमड़े के सामान के लिए करीब 3 करोड़ रेंगने वाले जीवों को पाला जाता है. इसी जगह पर बाढ़ आने से बांध टूट गया और फार्म की दीवार ढहने से सांप रिहायशी इलाकों में घुस गए. मॉस्को न्यूज ने इस सांपों का एक वीडियो शेयर किया है.
सांपों के झुंड का वीडियो डरा देगा
चीन के ग्वांग्शी प्रांत में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से भीषण बाढ़ आ गई है. इस आपदा में न सिर्फ 20 लोगों की मौत हुई बल्कि सांपों को लेकर भी दहशत फैल गई है. दरअसल एक बांध टूटने से पानी के तेज प्रवाह की वजह से एक फार्म से करीब 900 सांप बाहर निकलकर भागने लगे. पानी में भागते सांपों का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. अधिकारियों ने बताया कि सोमवार रात से चीन के कई इलाकों में हो रही भीषण बारिश, बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है.
انهيار سد في الصين يتسبب بفرار 900 ثعبان من مزرعة والسلطات تحذر المواطنين بعد تسرب أفاعٍ سامة منها الكوبرا إلى المناطق المحيطة. pic.twitter.com/XKwMhIKM0t
— موسكو | 🇷🇺 MOSCOW NEWS (@M0SC0W0) July 10, 2026
फार्म से 900 सांप बाहर निकलकर भागे
हेंगझोउ में सोमवार रात आंधी-तूफान और बाढ़ के बीच एक फार्म के ढहने से वहां से सारे सांप बाहर भागने लगे. अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है, क्योंकि कोबरा जैसे जहरीले सांप आस-पास के इलाकों में फैल गए हैं. सामने आए वीडियो में सापों के झुंड को एक साथ पानी के बहाव के साथ भागते देखा जा सकता है. वहीं कुछ सांप पानी में रेंगते हुए भी दिखाई दे रही है, जिनको देखकर दहशत बढ़ गई है. ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, हेंगझोउ में सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई. लोग पानी में घुसकर सांपों को ढूंढ रहे हैं.

पानी में घुसे लोग सांपों को पकड़ रहे
हांगकांग के ‘साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट' की खबर के मुताबिक, सामने आए एक बाढ़ के वीडियो में लोग कमर तक भरे पानी में लाठियां लेकर सांपों को पकड़ने की कोशिश करते दिखाई दिए. गांव के अधिकारी वू झी ने ‘रेड स्टार न्यूज पोर्टल' को बताया कि ज्यादातर सांप जहरीले नहीं थे और उन्हें पकड़ने के लिए मछली पकड़ने वाले जाल और स्टन गन के साथ 10 लोगों की एक टीम बनाई गई. उन्होंने ग्रामीणों को आगाह किया कि अगर उन्हें अपने घरों में कोई सांप मिले तो वे उसे हाथ से पकड़ने की कोशिश न करें.

चीन में बारिश से 62 नदियां उफान पर
केंद्रीय अधिकारियों के मुताबिक, चीन में भारी बारिश की वजह से देशभर की 62 नदियों का जलस्तर बाढ़ चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंच गया है. प्रांतीय आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात पूर्वी हुबेई प्रांत में आए बवंडर, तूफान और तेज आंधी में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है.

चक्रवात ‘मेसाक' की वजह से हुई मूसलाधार बारिश से 93,300 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं और 54,460 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. इस बीच पानी में बहते सांप डरा रहे हैं. लोगों को इनसे खतरा हो सकता है.
इनपुट- भाषा के साथ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं