विज्ञापन

गैस टैंकर पलटा और आग का गोला 50 गाड़ियों को निगल गया! चिली की CCTV में कैद दिल दहलाने वाला मंजर

Viral Video: यह टैंकर स्थानीय गैस कंपनी गैस्को का था. पलटने के बाद उसमें से जहरीली गैस का धुआं तेजी से फैल गया और फिर उसमें आग लग गई.

गैस टैंकर पलटा और आग का गोला 50 गाड़ियों को निगल गया! चिली की CCTV में कैद दिल दहलाने वाला मंजर
चिली में गैस टैंकर पलटा और आग का गोला 50 गाड़ियों को निगल गया!
  • चिली की राजधानी सैंटियागो में लिक्विड गैस ले जा रहा टैंकर पलटने के बाद जोरदार धमाका हुआ जिसमें चार लोग मारे गए
  • टैंकर पलटने के बाद जहरीली गैस का धुआं फैला और आग लगने से 17 लोग घायल भी हो गए जिनमें से कई गंभीर हैं
  • धमाके की तीव्रता के कारण लगभग पचास वाहन जल गए और आग आसपास की इमारतों तक फैल गई थी

चिली की राजधानी सैंटियागो में हाईवे पर लिक्विड गैस ले जा रहा एक टैंकर पलट गया और उसमें जोरदार धमाका हो गया. इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए. यह दुर्घटना बीते गुरुवार सुबह रेंका इलाके में जनरल वेलास्केज़ एवेन्यू और रूट 5 नॉर्थ के चौराहे पर हुई थी. अधिकारियों के अनुसार, ड्राइवर ने ट्रक से नियंत्रण खो दिया. ट्रक रेलिंग से टकराकर पलट गया और कुछ ही क्षण बाद बड़ा धमाका हो गया. घटना का जो मंजर सीसीटीवी में कैद हुआ है, वह दिल दहलाने वाला है.

यह टैंकर स्थानीय गैस कंपनी गैस्को का था. पलटने के बाद उसमें से जहरीली गैस का धुआं तेजी से फैल गया और फिर उसमें आग लग गई. मारे गए लोगों में ट्रक ड्राइवर भी शामिल है. 17 घायल लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से कई की हालत बहुत गंभीर है.

आखिर हुआ क्या था?

ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा के अधिकारी जनरल विक्टर विएल्मा ने बताया कि ट्रक पहले रेलिंग से टकराया और फिर पलट गया. हादसे के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने पहले धुएं का बड़ा गुबार देखा. एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि लोग बिना कपड़ों के सड़क पर भाग रहे थे, कुछ के शरीर में आग लगी थी और वे एंबुलेंस बुलाने की गुहार लगा रहे थे.

एक अन्य गवाह ने कहा कि धमाका किसी बम जैसा लगा. उसने बताया कि आग की लपटें लगभग एक किलोमीटर तक ऊपर उठती दिखीं. घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें दिखता है कि टैंकर कई लेन में फैला हुआ था और गैस का घना बादल आसपास की गाड़ियों को ढक रहा था. लोग अपनी गाड़ियां छोड़कर भागते दिखे. कुछ ने गाड़ी हटाने की कोशिश की, लेकिन गैस का बादल तेजी से फैल गया और फिर उसमें आग लग गई.

कुछ ही सेकंड में गैस एक बड़े आग के गोले में बदल गई. कैमरे में तेज नारंगी और काली लपटें दिखाई दीं, फिर वीडियो बंद हो गया. बताया गया कि धमाके का असर 150 से 200 मीटर तक महसूस हुआ. फायर ब्रिगेड के अनुसार, कम से कम 50 गाड़ियां जल गईं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. आग आसपास की इमारतों तक भी फैल गई. सैंटियागो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के गवर्नर क्लाउडियो ओरेगो ने बताया कि एक घायल व्यक्ति के शरीर का 100 प्रतिशत हिस्सा जल गया है और उसकी जान को गंभीर खतरा है.

यह भी पढ़ें: अचानक धंसी सड़क, चंद सेकंडों में खुल गया पाताल का दरवाजा, चीन से सामने आया खौफनाक VIDEO

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Viral Video, Road Accident, World News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com