विज्ञापन

दो पिज्जा की कीमत 74 सौ करोड़! 16 साल पहले Bitcoin ने कैसे बदल दी क्रिप्टो की दुनिया

Bitcoin Pizza Day: आज से ठीक 16 साल पहले पहली बार बिटकॉइन दुनिया के सामने असली पैसे की तरह आया था- पहली बार इसका उपयोग पेमेंट के लिए किया गया था.

दो पिज्जा की कीमत 74 सौ करोड़! 16 साल पहले Bitcoin ने कैसे बदल दी क्रिप्टो की दुनिया
Bitcoin Pizza Day: दुनिया 22 मई को “बिटकॉइन पिज्जा डे” के रूप में याद करती है

Bitcoin Pizza Day: सोचिए… अगर कोई आपसे कहे कि दुनिया के इतिहास का सबसे महंगा पिज्जा ऑर्डर सिर्फ दो पिज्जा का था, तो शायद आप यकीन नहीं करेंगे. लेकिन 16 साल पहले हुई एक छोटी-सी ऑनलाइन डील आज इतिहास बन चुकी है. उस समय किसी ने ध्यान भी नहीं दिया था कि एक आम-सा पिज्जा ऑर्डर आगे चलकर टेक्नोलॉजी और पैसों की दुनिया बदल देगा. तब यह सिर्फ इंटरनेट पर घूमने वाले कुछ डिजिटल कॉइन थे. आज वही कहानी इतनी बड़ी हो चुकी है कि लोग सुनकर हैरान रह जाते हैं कि आखिर दो पिज्जा की कीमत हजारों करोड़ रुपये कैसे हो गई.

दो पिज्जा की कीमत 7400 करोड़ रुपए

आज से ठीक 16 साल पहले यानी 22 मई 2010 को अमेरिका में एक प्रोग्रामर ने दो पिज्जा खरीदे थे. ऊपर से देखें तो यह बिल्कुल आम घटना थी. लेकिन असली कहानी उसके बाद शुरू होती है. उस समय दुनिया में बहुत कम लोग “बिटकॉइन” नाम की चीज को जानते थे. लोग इसे इंटरनेट का अजीब एक्सपेरिमेंट मानते थे. कुछ लोग कंप्यूटर पर इसे बनाते (माइनिंग) थे, कुछ ऑनलाइन फोरम पर इसकी बातें करते थे. लेकिन किसी को नहीं पता था कि इससे असली दुनिया में कुछ खरीदा भी जा सकता है या नहीं.

फिर एक दिन एक प्रोग्रामर ने फैसला किया कि क्यों न इससे पिज्जा खरीदा जाए. उस आदमी का नाम लास्जलो हैन्येच था. उसने दो पिज्जा के बदले 10,000 बिटकॉइन दिए. उस समय इन बिटकॉइन की कीमत केवल करीब 41 डॉलर थी. किसी ने इसे बड़ी बात नहीं माना. लेकिन समय बीतता गया और बिटकॉइन की कीमत आसमान छूने लगी. आज वही 10,000 बिटकॉइन करोड़ों डॉलर के बराबर माने जाते हैं. भारतीय रुपये में देखें तो उन दो पिज्जा की कीमत करीब 7,400 करोड़ रुपये बैठती है.

यही वजह है कि आज पूरी दुनिया 22 मई को “बिटकॉइन पिज्जा डे” के रूप में याद करती है. 

लेकिन यह सिर्फ मजेदार कहानी या मीम्स की बात नहीं है. यह वह दिन था जब पहली बार बिटकॉइन इंटरनेट की दुनिया से निकलकर असली पैसे जैसा बना. पिज्जा के उस एक ऑर्डर ने आगे चलकर कई ट्रिलियन डॉलर की क्रिप्टो इंडस्ट्री की शुरुआत कर दी.

यह भी पढ़ें: Bitcoin के जरिए अमेरिका-इजरायल के खिलाफ युद्ध के लिए फंड जुटा रहा ईरान, जानें कैसे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com