- जेडी वेंस ने नेतन्याहू को कहा था कि इजराइल का एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी अमेरिका है.
- अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर इजराइल की आपत्ति को लेकर दिया गया था बयान
- नेतन्याहू ने कहा- भारत समेत कई और देश हमारे मित्र हैं
इजराइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को जेडी वेंस को करारा जवाब दिया और उनकी उस टिप्पणी का खंडन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि पूरी दुनिया में सिर्फ अमेरिका ही इजराइल का शक्तिशाली सहयोगी बचा हुआ है. नेतन्याहू ने फॉक्स न्यूज संडे ब्रीफिंग में कहा कि इजराइल को भारत सहित कई अन्य देशों का समर्थन प्राप्त है. नेतन्याहू बोले- हमारे कुछ और मित्र भी हैं, जैसे भारत नाम का एक देश है, जिसे आप जानते हैं कि वहां 1.4 अरब लोग रहते हैं और सच कहूं तो हमें वहां जबरदस्त समर्थन मिलता है.
जेडी वेंस ने इजराइल को मारा था ये ताना
बता दें कि पिछले महीने व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में जेडी वेंस ने कहा था कि इजराइल को अमेरिका-ईरान शांति वार्ता का सम्मान करना चाहिए. अमेरिकी उपराष्ट्रपति से जब उन खबरों के बारे में पूछा गया था कि इजराइली नेतृत्व अमेरिका-ईरान समझौते से नाखुश है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना कर रहा है तो वेंस ने कहा था कि यदि मैं इजराइल सरकार के मंत्रिमंडल में होता तो दुनिया में बचे अपने एकमात्र शक्तिशाली सहयोगी की आलोचना तो नहीं करता.
नेतन्याहू ने दिया करारा जवाब
नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें फेसबुक पर भारत से काफी समर्थन मिल रहा है. इजराइली प्रधानमंत्री ने कहा कि फेसबुक पर मुझे भारी समर्थन मिलता है. संभव है कि कई अन्य जगहों से भी मुझे समर्थन प्राप्त हो. उन्होंने वेंस के इस दावे को खारिज कर दिया कि इजराइल का कोई अन्य सहयोगी नहीं है. नेतन्याहू बोले- हमारे बहुत से मित्र हैं और कई देश इजराइल के उन्नत साइबर सुरक्षा विशेषज्ञता का लाभ उठाना चाहते हैं. आप भी जानते हैं कि कई नेता मुझे फोन करते हैं और कहते हैं कि देखिए हमारे यहां जनमत को लेकर कुछ मुश्किलें हैं, लेकिन हम आपको बताना चाहते हैं कि हम आपका सम्मान करते हैं. क्या हमारे देश कुछ करार कर सकते हैं? क्या आप हमें अपनी सेना की कुछ चीजें सीखा सकते हैं. क्या हमें AI तथा साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में आपकी विशेषज्ञता मिल सकती है. नेतन्याहू ने साफ किया कि साइबर क्षेत्र में इजराइल दुनिया का दूसरा सबसे अग्रणी देश है और हमारी प्रौद्योगिकी बेहद उन्नत है इसलिए हमारे संबंध वास्तव में वैसे नहीं हैं, जैसे बाहर से दिखाई देते हैं.
पढ़ें: भारतीय जज मुरलीधर ने की UN के लिए गाजा की जांच, रिपोर्ट में इजरायल पर क्या हैं आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं