विज्ञापन
This Article is From Oct 19, 2019

नेताओं की रिहाई के लिए सड़कों पर आए 5 लाख से ज्यादा लोग, पुलिस लाठीचार्ज का Video हुआ वायरल

कैटलन स्वतंत्रता आंदोलन के कई नेताओं को हाल ही में स्पेनिश सुप्रीम कोर्ट द्वारा जेल की सजा सुनाए जाने के खिलाफ बार्सिलोना में पांच लाख से ज्यादा लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया.

नेताओं की रिहाई के लिए सड़कों पर आए 5 लाख से ज्यादा लोग, पुलिस लाठीचार्ज का Video हुआ वायरल
बार्सिलोना : कैटलन नेताओं को सजा के खिलाफ 5 लाख लोग जुटे
बार्सिलोना:

कैटलन स्वतंत्रता आंदोलन के कई नेताओं को हाल ही में स्पेनिश सुप्रीम कोर्ट द्वारा जेल की सजा सुनाए जाने के खिलाफ बार्सिलोना में पांच लाख से ज्यादा लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. इस दौरान दंगा-रोधी पुलिस और लोगों के बीच झड़पें हुईं. समाचार एजेंसी एफे ने बताया कि पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, करीब 525,000 लोग 18 अक्टूबर को क्षेत्रीय राजधानी की सड़कों पर उतरे. कई प्रदर्शनकारियों ने कैटालोनियन क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से मार्च निकाला. उनकी सरकार ने 2017 में स्पेन से अलग होने की असफल कोशिश की थी.

'राइट्स एंड फ्रीडम, जनरल स्ट्राइक' के नारे के तहत विरोध प्रदर्शन किया गया था और उन नौ कैटलन नेताओं की रिहाई की मांग की गई जिन्हें स्पेन के सुप्रीम कोर्ट ने राजद्रोह और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग मामले में दोषी ठहराया.

सभी उम्र के प्रदर्शनकारियों ने स्पेन से कैटेलोनिया की स्वतंत्रता के पक्ष में नारेबाजी की.

स्वतंत्रता-समर्थक संगठन नेशनल असेंबली ऑफ कैटेलोनिया (एएनसी) की अध्यक्ष एलिसेंडा पलूजी की मौजूदगी में विशाल रैली संपन्न हुई, जिसमें एक बयान पढ़कर कैटलन के अधिकारियों से एक बार फिर स्वतंत्रता की एकतरफा घोषणा करने का आग्रह किया गया जैसा कि उन्होंने अक्टूबर 2017 में किया था.

पलूजी ने कहा, "हम स्वतंत्रता-समर्थक दलों से आग्रह करते हैं कि वे इसमें देरी करने वाले दांव-पेच से बचे. यदि संवाद नहीं होता है, तो एकतरफा स्वतंत्रता की घोषणा का समर्थन करने के लिए खुद को तैयार करें."

जहां मुख्य प्रदर्शन शांति के साथ निपट गया वहीं, इसी तरह के एक प्रदर्शन के दौरान झड़पें हुईं, क्योंकि प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए, जिस कारण कई घायल हुए और कई गिरफ्तार कर लिए गए.

स्पेन के आंतरिक मामलों के मंत्री फर्नांडो ग्रांडे-मारलास्का ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हुए प्रदर्शन में अब तक 207 अधिकारी घायल हुए हैं.

शुक्रवार की रात, बार्सिलोना में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में 89 लोग घायल हो गए.

राष्ट्रीय पुलिस मुख्यालय के पास स्थित प्रतिष्ठित वाया लाइटाना स्ट्रीट पर अधिकारियों ने उन युवाओं के समूहों के खिलाफ स्मोक ग्रेनेड, आंसूगैस और रबर की गोलियों का इस्तेमाल किया, जिन्होंने बैरिकेडों में आग लगा दी और उन पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी.

सुप्रीम कोर्ट द्वारा सजा के ऐलान के बाद से बार्सिलोना में लगातार चौथी रात अशांति में गुजरी.

दुनिया से जुड़ी और भी खबरें...

ये अरबपति बिजनेसमैन नियमित तौर पर नष्ट कर देता है अपना फोन, बताई यह वजह

अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव की उम्मीदवार इस भारतीय मूल की नेता ने हिलेरी क्लिंटन को कहा ‘युद्ध भड़काने वाली रानी'

पेंटागन ने भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय रक्षा व्यापार को लेकर किया दावा, कहा- इस साल के अंत तक 18 बिलियन डॉलर का होगा कारोबार

आतंकी फंडिंग और मनी लॉन्ड्रिंग पर कार्रवाई के लिए FATF ने दिया पाकिस्तान को चार महीने का वक्त

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Barcelona, Catalonia Protests, Barcelona Protest
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com