- बांग्लादेश मक्का पैक्ट में शामिल होने की संभावना पर सकारात्मक रुख रखता है, तारिक रहमान के सलाहकार ने दिया बयान
- मक्का पैक्ट में किसी एक सदस्य पर हमला सभी सदस्यों पर हमला माना जाएगा जैसा नाटो में होता है
- बांग्लादेश सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की के साथ आर्थिक और रक्षा समझौतों में भागीदारी बढ़ाने पर विचार कर रहा है
बांग्लादेश भी अब मुस्लिम नाटो के रूप में जाने जाने वाले मक्का पैक्ट में शामिल होने की तैयारी में दिख रहा है. सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की ने इस महीने की शुरुआत में मक्का में एक संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. अब बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के करीबी सलाहकार ने 'बांग्लादेश संगबाद संस्था' (BSS) को बताया है कि बांग्लादेश 'मक्का पैक्ट' जैसे किसी गठबंधन में शामिल होना चाहता है. यह बात ऐसे समय में सामने आई है जब भारत में शेख हसीना को शरण देने और उन्हें अपनी बात रखने के लिए मंच देने को लेकर बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव है. भले दूसरी तरफ दोनों देश अपने रिश्तों को फिर से बेहतर बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
'मक्का पैक्ट' को मुस्लिम नाटो कहा जा रहा है क्योंकि नाटो की तरह ही इस समझौते के तहत किसी एक सदस्य पर हमला, सभी सदस्यों पर हमला माना जाएगा.
तारिक रहमान के सलाहकार ने क्या कहा?
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर ने BSS को बताया है कि सरकार 'बांग्लादेश फर्स्ट' की नीति का पालन कर रही है. हुमायूं कबीर ने आगे कहा, "सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक संतुलित विदेश नीति अपना रही है, जिसके केंद्र में राष्ट्रीय हित हैं."
हुमायूं कबीर ने कहा कि बांग्लादेश अपने हितों और वैश्विक अर्थव्यवस्था व व्यापार की बदलती परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्की से जुड़े किसी आर्थिक या रक्षा ढांचे में शामिल होने की संभावना को लेकर पॉजिटिव रुख रखता है. कबीर ने कहा कि सऊदी क्राउन प्रिंस और प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन सलमान के निमंत्रण पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान की सऊदी यात्रा गर्मियों के बाद जल्द ही तय होने की संभावना है.
भारत के लिए चिंता की बात?
भारत के लिए, बांग्लादेश का 'मक्का पैक्ट' में शामिल होना एक नई चिंता का विषय हो सकता है. जहां भारत के सऊदी अरब के साथ करीबी संबंध हैं, वहीं पाकिस्तान एक दुश्मन देश है. तुर्की भी भारत के खिलाफ नजर आया है और हाल ही में बांग्लादेश के साथ संबंधों में कुछ उतार-चढ़ाव देखे गए हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं