विज्ञापन

बांग्लादेश की सरकार रमजान में खुद बेचेगी दूध, अंडा और बीफ- इसकी वजह सिर्फ कीमत नहीं

Bangladesh: अंतरिम सरकार ने यह फैसला उस समय लिया है जब बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है. 12 फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारी भी जोरशोर से चल रही है.

बांग्लादेश की सरकार रमजान में खुद बेचेगी दूध, अंडा और बीफ- इसकी वजह सिर्फ कीमत नहीं
बांग्लादेश की सरकार रमजान में खुद बेचेगी दूध, अंडा और बीफ (प्रतिकात्मक फोटो)

बांग्लादेश की सरकार रमजान के पाक महीने के दौरान सस्ती कीमतों पर दूध, अंडे, बीफ और ड्रेस्ड ब्रॉयलर मांस बेचेगी. ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि रमजान में आम जनता पशु-आधारित प्रोटीन की अपनी मांग को आसानी से पूरा कर सके. रमजान के दौरान मांस, अंडे और दूध की बिना किसी रोक-टोक सप्लाई और उनकी कीमत स्थिर रखने के लिए मीटिंग के बाद यह फैसला लिया गया है.

मीटिंग में विस्तार से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि रमजान के एक दिन पहले से लेकर रमजान के 25वें दिन तक, कुल 26 दिन, बांग्लादेश की सरकार इन उत्पादों को मोबाइल बिक्री केंद्रों के माध्यम से सस्ती कीमतों पर बेचेगी. मोबाइल बिक्री केंद्रों का अर्थ गाड़ियों की मदद से घूम-घूमकर इन उत्पादों को बेचने से है. बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पशुधन सेवा विभाग के तहत विभागीय निदेशक और जिला पशुधन अधिकारी स्थानीय बाजार की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए ढाका के बाहर अन्य शहरों में इसी तरह की पहल को लागू करने के लिए जिला प्रशासन के साथ कॉर्डिनेशन करेंगे.

शुरुआत में इस प्रोग्राम को जनता की मांग के आधार पर ढाका और नगर निगम क्षेत्रों में 25 प्रमुख स्थानों पर आयोजित किया जाएगा.

अंडे से बीफ तक, कीमत क्या होगी?

इस कार्यक्रम के तहत, तैयार ब्रॉयलर मांस 245 टका प्रति किलोग्राम (179.81 रुपए), दूध 80 टका प्रति लीटर (58.71 रुपए), अंडे 8 टका प्रति पीस (5.87 रुपए) और बीफ 650 टका प्रति किलोग्राम (477.06 रुपए) की कीमत पर बेचा जाएगा.

अंतरिम सरकार ने यह फैसला उस समय लिया है जब बांग्लादेश में 13वें संसदीय चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है. 12 फरवरी को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारी भी जोरशोर से चल रही है.

यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमले पर ध्यान दे दुनिया, US के 22 से ज्यादा शहरों में हुए प्रदर्शन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com