- बांग्लादेश के मुहम्मद यूनुस को न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर विरोधियों ने आतंकवादी कहकर घेर लिया, वीडियो वायरल
- विरोधी समूह ने यूनुस पर बांग्लादेश में हजारों पुलिसकर्मियों की हत्या और लोकतंत्र समाप्त करने का आरोप लगाया था
- पूर्व अंतरिम सरकार के चीफ यूनुस को जर्मनी के वर्ल्ड हेल्थ समिट में भाग लेना था लेकिन दौरा रद्द हो गया है
बांग्लादेश में तारिक रहमान की सरकार बनने से पहले देश संभालने वाले मुहम्मद यूनुस को अमेरिका में लोगों ने घेर लिया. शेख हसीना की सरकार के पतन के बाद बनी अंतरिम सरकार में मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस व्हीलचेयर पर बैठकर न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी एयरपोर्ट से बाहर निकले, तो लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया, उन्हें ऐसा आतंकवादी तक कह दिया जिसने कथित तौर पर बांग्लादेश में हजारों पुलिसकर्मियों को मरवाया. नोबेल पुरस्कार विजेता यूनुस सोमवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर 3:45 बजे एयरपोर्ट से निकल रहे थे, जब यह वाकया हुआ.
वीडियो में क्या नजर आया?
बांग्लादेश के न्यूज चैनल बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार उस समय की अंतरिम सरकार में SDGs की चीफ कॉर्डिनेटर और यूनुस सेंटर की कार्यकारी निदेशक, लमिया मोर्शेड उनके साथ थीं और उनका सामान ले जा रही थीं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में न्यूयॉर्क मेट्रोपॉलिटन अवामी लीग के महासचिव इमदाद चौधरी, US जुबो लीग के महासचिव मिजानुर रहमान चौधरी और कुछ अन्य लोगों का समूह यूनुस के सामने खड़ा दिखाई दे रहा है.
वायरल वीडियो में नजर आया कि यूनुस का विरोध कर रहे लोगों में से एक चिल्लाया, “तुमने बांग्लादेश में हजारों लोगों को मारा. तुम आतंकवादी हो! तुम आतंकवादी हो! तुम आतंकवादी हो, तुम यहां क्यों आए?... तुमने 2 लाख लोगों को गिरफ्तार क्यों किया?... उसने मेरे देश में हजारों पुलिस वालों को मारा. उसने मेरे देश में लोकतंत्र को खत्म कर दिया…”
🇧🇩 FORMER CHIEF ADVISOR YUNUS CONFRONTED AT JFK AIRPORT, NEW YORK 🇺🇸 Professor Muhammad Yunus, Bangladesh's former Chief Adviser, reportedly faced a hostile confrontation with Bangladeshi expatriates at New York's JFK Airport. In a video circulating on social media, protesters shouted accusations at Yunus, with one person reportedly calling him a “terrorist”and questioning his role in Bangladesh's political crisis. The controversy continues beyond Bangladesh's borders. 🇧🇩
— Ashoke Raj (@Ashoke_Raj) October 13, 2026
विरोध की वजह से जर्मनी का दौरा किया है रद्द
बीडीन्यूज24 की रिपोर्ट के अनुसार यूनुस को 11 से 13 अक्टूबर तक जर्मनी की राजधानी बर्लिन में होने वाले तीन दिन के वर्ल्ड हेल्थ समिट में शामिल होना था, लेकिन उन्होंने आखिरी समय पर अपना दौरा रद्द कर दिया. यूरोप में मौजूद कई संगठनों द्वारा समिट में उनकी भागीदारी पर आपत्ति जताए जाने के बाद उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया. रिपोर्ट के अनुसार आयोजकों ने कार्यक्रम से पहले यूनुस के शामिल होने की घोषणा की थी, लेकिन समिट शुरू होने से कुछ समय पहले ही वक्ताओं की सूची से उनका नाम हटा दिया गया.
हालांकि वर्ल्ड हेल्थ समिट की कम्युनिकेशन टीम की ओर से एना स्टॉर्मर ने इस न्यूज चैनल को बताया कि मुहम्मद यूनुस ने स्वास्थ्य कारणों से समिट से अपना नाम वापस ले लिया है.
यह भी पढ़ें | ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे पाकिस्तान ने ठगा नहीं, अब तो सऊदी, बांग्लादेश को भी समझ में आ रहा होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं