विज्ञापन

हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना, सरकार से विमान का बंदोबस्त करने को कहा

भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने 16 दिसंबर (विजय दिवस) को स्वदेश लौटने की इच्छा जताई है और बांग्लादेश सरकार से दिल्ली से ढाका तक राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है.

हसीना की 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की योजना, सरकार से विमान का बंदोबस्त करने को कहा
फाइल फोटो

भारत में रह रहीं बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना है, जिस दिन यह देश 1971 के मुक्ति संग्राम में पाकिस्तान पर अपनी विजय का उत्सव मनाता है. हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मिल अली ने मंगलवार को यह जानकारी दी. स्वदेश लौटने की प्रस्तावित तारीख की घोषणा करते हुए उनके प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि हसीना (79) ने बांग्लादेश सरकार से उनके लिए राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से दिल्ली से उनकी वापसी की व्यवस्था करने का आग्रह किया है.

इस बयान से ढाका में तीखी प्रतिक्रिया आई है और सरकार ने कहा है कि हसीना को ‘हथकड़ियों में' वापस लाया जाएगा और उनके साथ वैसा ही बर्ताव किया जाएगा जैसा विदेश में रह रहे किसी दोषी भगोड़े के साथ किया जाता है.

अली ने कहा कि उन्होंने नौ और 19 नवंबर को उनके वकील द्वारा भेजे गए पत्रों के माध्यम से नयी दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से आवश्यक यात्रा दस्तावेजों का अनुरोध किया है.

अली ने कहा, ‘‘हसीना ने संकेत दिया है कि उनकी वापसी 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस पर होगी जो 1971 में मुक्ति संग्राम के समाप्त होने के उपलक्ष्य में मनाया जाता है. शेख हसीना ने इस बात पर जोर दिया है कि वह बांग्लादेश की राष्ट्रीय विमानन कंपनी ‘बिमान एयरलाइन्स' से लौटेंगी.''

उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि शेख हसीना पांच अगस्त, 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत गई थीं, इसलिए उन्होंने सरकार से दिल्ली से ढाका तक उनकी वापसी के लिए विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है.''

अली ने कहा कि सरकार की उनकी वापसी सुगम बनाने की जिम्मेदारी है. उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें संविधान का उल्लंघन करते हुए निर्वासित किया गया है. उन्होंने कहा, ‘‘संविधान के विपरीत उन्हें ऐसी परिस्थितियों में निर्वासित करने के बाद अब सरकार की जिम्मेदारी है कि 16 दिसंबर को विजय दिवस पर उनकी वापसी संभव बनाए.''

मौत की सजा और प्रत्यर्पण को लेकर विवाद

छात्रों के नेतृत्व में हुए व्यापक जनविद्रोह के कारण हसीना के 15 साल के शासन का अंत होने के साथ वह पांच अगस्त, 2024 को भारत चली गई थीं. हसीना को उस जनविद्रोह से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में उनकी गैरमौजूदगी में नवंबर 2025 में मौत की सजा सुनाई गई थी.

बांग्लादेश भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है, वहीं नयी दिल्ली ने कहा है कि ढाका के अनुरोध पर कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से अध्ययन किया जा रहा है.

हसीना की वापसी का मुद्दा बांग्लादेश और भारत के बीच तनाव का एक बड़ा कारण बन गया है. ढाका इस बात पर जोर दे रहा है कि हसीना को एक द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस भेजा जाए. हसीना ने अपने खिलाफ आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि वह बांग्लादेश लौटना चाहती हैं और अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करना चाहती हैं.

इससे पहले उनके वकील ने नयी दिल्ली में बांग्लादेश मिशन से संपर्क किया था और उन्हें नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का अनुरोध किया था ताकि वह लौट सकें. बांग्लादेश सरकार ने इस महीने की शुरुआत में नए यात्रा दस्तावेज जारी करने के उनके अनुरोध को खारिज कर दिया था, जिसके बाद देश में अशांति फैल गई.

हसीना ने बांग्लादेश लौटने की अपनी इच्छा बार-बार जाहिर की है, हालांकि उन्होंने इससे जुड़े जोखिमों को भी स्वीकार किया है. हसीना के 15 साल के शासनकाल के दौरान भारत के उनके साथ करीबी संबंध रहे थे. हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के संबंधों में भारी गिरावट आई थी.

विश्लेषकों ने बताया राजनीतिक दांव

हसीना को मौत की सजा सुनाने वाले बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण के मुख्य अभियोजक अमीनुल इस्लाम ने कहा कि किसी दोषी भगोड़े के लिए यह उम्मीद करना ‘अनुचित' है कि सरकार उसकी वापसी की व्यवस्था करेगी.

ब्रिटिश पत्रकार डेविड बर्गमैन ने ‘द डेली स्टार' अखबार में एक लेख में हसीना के बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताने के फैसले को ‘चतुर राजनीतिक चाल' बताया. उन्होंने तर्क दिया कि इससे हसीना की राजनीतिक प्रासंगिकता फिर से बढ़ेगी और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की सरकार मुश्किल स्थिति में आ जाएगी.

उन्होंने कहा कि इस कदम से हसीना जेल या मौत का सामना करने की इच्छा जताकर अपनी साहस और ‘आत्मबलिदान' की छवि पेश कर सकेंगी. बांग्लादेश पर कई वर्षों से आलेख लिख रहे बर्गमैन ने तर्क दिया कि हसीना की वापसी से बीएनपी सरकार के सामने दुविधा पैदा होगी. उसे यह तय करना होगा कि हसीना की मौत की सजा को लागू किया जाए या इससे बचने का कोई रास्ता निकाला जाए.

उन्होंने कहा कि दोनों ही विकल्पों में गंभीर राजनीतिक जोखिम हो सकते हैं. बर्गमैन का आकलन था कि ढाका और नयी दिल्ली, दोनों के पास हसीना की वापसी टालने के कारण हो सकते हैं, क्योंकि ‘बांग्लादेश के भीतर हसीना, दिल्ली में रह रही हसीना की तुलना में सरकार के लिए कहीं अधिक खतरनाक हैं.'

ढाका के नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया

हसीना के प्रवक्ता के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा, ‘‘उन्हें (हसीना को) केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है.''

उन्होंने कहा कि ‘‘हसीना क्या चाहती हैं और क्या हो सकता है, इसके बीच अंतर किया जाना चाहिए.''

विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा कि सरकार हसीना के साथ विदेश में रह रहे किसी भी अन्य दोषी भगोड़े पर लागू होने वाले कानूनों के अनुसार ही व्यवहार करेगी. उन्होंने कहा कि हसीना बांग्लादेशी क्षेत्र में जहां भी प्रवेश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस बीच, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के सूचना एवं प्रसारण सलाहकार जाहिद उर रहमान ने कहा, ‘‘शेख हसीना आएंगी या नहीं, इस पर उनसे बातचीत नहीं की जाएगी. इस बारे में बातचीत भारत के साथ होगी.''

विपक्षी दलों की भी तीखी प्रतिक्रिया

बांग्लादेश में आधिकारिक रूप से मुख्य विपक्षी दल जमात-ए-इस्लामी ने कहा कि उसके शीर्ष नेता शफीकुर रहमान प्रधानमंत्री रहमान के साथ संभावित बातचीत के लिए ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया की अपनी यात्राएं बीच में छोड़कर बांग्लादेश लौट रहे हैं.

जमात की चुनावी सहयोगी युवा नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजंस पार्टी (एनसीपी) ने कहा कि हसीना के देश लौटने पर उनके लिए फांसी का तख्ता तैयार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: इजरायल पर राहुल गांधी के बयान से छिड़ी बहस, भारत की विदेश नीति का असली आधार क्या है?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sheikh Hasina, Sheikh Hasina Bangladesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com