विज्ञापन

AI से कोडिंग करने वाले ऐप का 'सीक्रेट' हो गया लीक, समझें सोर्स कोड हाथ लगने पर क्या होता है

Anthropic Claude Code Source Code Leaked: Claude Code एक ऐसा सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है जिसे एंथ्रोपिक ने बनाया है. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या AI का इस्तेमाल करके कंप्यूटर प्रोग्राम लिखने, समझने और ठीक करने में मदद मिलती है.

AI से कोडिंग करने वाले ऐप का 'सीक्रेट' हो गया लीक, समझें सोर्स कोड हाथ लगने पर क्या होता है
Claude Code Source Code leak: AI से कोडिंग करने वाले ऐप का 'सीक्रेट' हो गया लीक
  • एंथ्रोपिक कंपनी के Claude Code प्लेटफॉर्म का सोर्स कोड गलती से सॉफ्टवेयर अपडेट में लीक हुआ है
  • Claude Code एआई आधारित टूल है जो प्रोग्रामरों को कोड लिखने, समझने और सुधारने में सहायता प्रदान करता है
  • एंथ्रोपिक के लिए यह दूसरी बार है जब अंदरूनी डेटा लीक हुआ है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Anthropic's Claude Code Source Code Leaked: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की स्टार्टअप कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) एक बार फिर मुश्किल में पड़ गई है. गलती से उसकी Claude Code प्लेटफॉर्म का सोर्स कोड लीक हो गया है यानी दुनिया के सामने आ गया. इससे भी बुरी बात यह है कि ऐसा हफ्ते के अंदर दूसरी बार हुआ है. कंपनी की ओर से यह गलती मंगलवार को एक सॉफ्टवेयर अपडेट के दौरान हुई. उस अपडेट में गलती से एक डिबगिंग फाइल भी शामिल हो गई थी, जिसमें कंपनी का लगभग 5 लाख से ज्यादा लाइनों वाला गुप्त कोड था.

नोट- Claude Code एक ऐसा सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म है जिसे एंथ्रोपिक ने बनाया है. इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके कंप्यूटर प्रोग्राम लिखने, समझने और ठीक करने में मदद मिलती है. यानी डेवलपर अगर कोई कोड लिख रहे हों और उन्हें मदद चाहिए, तो Claude Code उन्हें सुझाव दे सकता है, गलती ढूंढ सकता है और नया कोड भी बना सकता है. एकदम आसान शब्दों में कहें तो यह प्रोग्रामरों के लिए AI की मदद से कोड लिखने वाला टूल है.

इस गलती को सबसे पहले एक सिक्योरिटी रिसर्चर चाओफ़ान शॉ ने देखा. उन्होंने इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया. कुछ ही घंटों में उस पोस्ट को 21 मिलियनय से ज्यादा लोग देख चुके थे. इसके बाद बहुत सारे लोगों ने बिना अनुमति के उस कोड को डाउनलोड करना शुरू कर दिया. कई जगहों पर उसकी कॉपी GitHub पर भी डाल दी गई.

इस घटना के बाद कंपनी एंथ्रोपिक की लीगल टीम तुरंत सक्रिय हो गई. उन्होंने कई DMCA नोटिस भेजे, ताकि इंटरनेट से उस कोड को हटाया जा सके. लेकिन मामला तब और बड़ा हो गया जब एक प्रसिद्ध डेवलपर सिग्रिड जिन ने कथित तौर पर उस पूरे कोड को शुरू से दोबारा लिख दिया. उन्होंने इसे claw-code नाम दिया. यह नया कोड बहुत तेजी से लोकप्रिय हो गया और GitHub पर बहुत कम समय में 30,000 स्टार हासिल कर लिए.

Q- सोर्स कोड क्या होता है और यह क्यों महत्वपूर्ण है?

सोर्स कोड वह असली निर्देश होते हैं जिन्हें प्रोग्रामर लिखते हैं ताकि कोई सॉफ्टवेयर बनाया जा सके. यह कंप्यूटर को बताता है कि उसे क्या करना है. यह किसी सॉफ्टवेयर, वेबसाइट या ऐप की नींव (DNA) होता है. यहां खास बात है कि सोर्स कोड प्रोग्रामिंग भाषाओं (जैसे Python, C++, Java) में लिखे गए निर्देशों का वह समूह है, जिसे प्रोग्रामर टेक्स्ट एडिटर में लिखते हैं और जिसे मनुष्य पढ़ सकते हैं. लेकिन जब जब कोई कंपनी अपना सॉफ्टवेयर लोगों को देती है, तो वह आमतौर पर उसके सोर्स कोड को बदलकर या कम्प्रेस करके ऐसे रूप में देती है जिसे पढ़ना मुश्किल हो. ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि कंपनी की बौद्धिक संपत्ति (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) और अंदरूनी सिस्टम सुरक्षित रहें.

इसे ऐसे समझिए कि सोर्स कोड किसी खाने की मूल रेसिपी जैसा होता है. आप खाने का स्वाद तो ले सकते हैं, लेकिन असली रेसिपी आमतौर पर गुप्त रखी जाती है.

यह भी पढ़ें: जंग में इस्तेमाल होने लगा AI! ईरान पर हमले के लिए ट्रंप की आर्मी ने लिया नई टेक्नोलॉजी का सहारा- रिपोर्ट

Q- अब एंथ्रोपिक क्या करेगी?

अब चूंकि प्रसिद्ध डेवलपर सिग्रिड जिन ने कोड को पूरी तरह से नए तरीके से फिर से लिखा है, इसलिए AI इंडस्ट्री के विशेषज्ञों का कहना है कि यह एक नई रचना मानी जा सकती है. इस वजह से हो सकता है कि इसे सामान्य कॉपीराइट हटाने (टेकडाउन) वाले नियमों से हटाना आसान न हो.

सैन फ्रांसिस्को में बसी इस कंपनी के लिए यह घटना खास तौर पर नुकसानदायक है. वजह है कि सिर्फ 7 दिनों के अंदर दूसरी बार कंपनी का अंदरूनी गुप्त डेटा बाहर आ गया है. यह बार-बार हो रही गलतियां उस समय हो रही हैं जब कंपनी ने पहले ही “Undercover Mode” नाम का एक सिस्टम बनाया था. इस सिस्टम का उद्देश्य यह था कि Claude किसी भी संवेदनशील अंदरूनी जानकारी को बाहर न बताए.

कंपनी ने इंटरनेट के मुख्य कोड स्टोरेज से उस कोड को हटाने की कोशिश की है. लेकिन उसकी कई कॉपी पहले ही डिसेंट्रलाइज्ड प्लेटफॉर्म पर पहुंच चुकी हैं. इसका मतलब है कि अब यह लीक लगभग स्थायी (परमानेंट) बन चुका है.

यह भी पढ़ें: मालिक ने AI से अपने कुत्ते के लिए बना ली वैक्सीन, लास्ट स्टेज का कैंसर भी ठीक होने लगा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com