- अफगानिस्तान की इस्लामिक अमीरात की फोर्सेज ने क्वेटा में स्थित आर्मी कोर मुख्यालय पर एयर स्ट्राइक की
- पाकिस्तान ने अफगान तालिबान और आतंकवादी समूहों के खिलाफ ऑपरेशन में 352 लड़ाके मारने और 535 घायल करने का दावा
- पाकिस्तानी सेना ने ऑपरेशन के दौरान 130 सैन्य चौकियां नष्ट कर 26 सीमा चौकियों पर कब्जा किया है
इजरायल‑ईरान युद्ध के बीच क्षेत्रीय तनाव जब नए मोड़ पर पहुंच चुका है. इस बीच खबर आ रही है कि रविवार को अफगानिस्तान की इस्लामिक अमीरात की फोर्सेज ने पाकिस्तान के क्वेटा शहर में स्थित आर्मी कोर मुख्यालय पर एयर स्ट्राइक की है. अभी की जानकारी के मुताबिक सुरक्षा सूत्रों ने बताया कि यह हमला पाकिस्तान की सेना द्वारा पिछली रात की गई “अंधाधुंध बमबारी” के जवाब में किया गया. इसके साथ ही TOLOnews ने बताया कि अफगानिस्तान का यह कदम पूरी तरह जवाबी कार्रवाई के तौर पर उठाया गया है और इसे क्षेत्रीय तनाव के बीच एक अहम सैन्य कार्रवाई माना जा रहा है.
पाकिस्तान का बीते दिन क्या दावा
इससे पहले बीते दिन खबर आई थी कि अफगान तालिबान और उससे जुड़े आतंकवादी समूहों के लगभग 352 लड़ाके उनके खिलाफ जारी अभियान में मारे जा चुके हैं. पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने अफगान तालिबान को हुए नुकसान की जानकारी देते हुए बताया कि अभी तक तालिबान के 352 लड़ाके मारे जा चुके हैं और 535 अन्य घायल हुए हैं. उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन गजब-लिल-हक' के दौरान पाकिस्तानी सेना ने 130 सैन्य चौकियों को पूरी तरह नष्ट कर दिया जबकि 26 सीमा चौकियों पर कब्जा कर लिया.
ये भी पढ़ें ; पलभर में खाक हुईं इमारतें, चारों तरफ धुआं ही धुआं... इजराइल ने तेहरान पर हमले का नया वीडियो किया जारी
पाकिस्तान ने हवाई हमलों में 41 ठिकानों को निशाना बनाया
तरार ने कहा कि 171 टैंक और बख्तरबंद वाहन नष्ट हो गए हैं, साथ ही पाकिस्तान ने हवाई हमलों में 41 ठिकानों को निशाना बनाया है. पाकिस्तान ने यह बड़ा जवाबी हमला तब शुरू किया था, जब अफगानिस्तान ने 2,600 किलोमीटर से अधिक लंबी सीमा पर एक साथ 53 स्थानों पर हमला किया. सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने शुक्रवार शाम आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अफगान तालिबान को पाकिस्तान और आतंकवादी संगठनों के बीच चुनाव करना होगा.
ये भी पढ़ें : खामेनेई की हत्या के खिलाफ कराची में अमेरिकी कॉन्सुलेट में भीड़ की तोड़फोड़, पुलिस फायरिंग में 9 की मौत
पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर क्या आरोप
पाकिस्तान लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि अफगान तालिबान, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) और अन्य आतंकवादी समूहों को प्रशिक्षण देने और हमलों की योजना बनाने के लिए उसकी सरजमीं का इस्तेमाल करने देता है. अफगान पक्ष इन आरोपों को खारिज करता रहा है और पाकिस्तान से कहता रहा है कि वह अपने देश के अंदर की समस्याओं को सुलझाने के लिए चरमपंथियों से बातचीत करे. इस बीच, एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने आतंकवाद के खिलाफ पाकिस्तान के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया.
(भाषा इनपुट्स के साथ)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं