Uttarakhand News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर में एक विशालकाय अजगर नजर आने से इलाके में हड़कंप मच गया. 14 फीट लंबा और करीब 55 किलो से अधिक वजन वाला यह अजगर नाले के पास फंसा हुआ था. लोगों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू किया और फिर जंगल में छोड़ दिया. अजगर की लंबाई और उसके भारी होने का अंदाजा आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि उसे उठाने के लिए 9 लोगों की जरूरत पड़ी.
जानकारी के अनुसार, विकासनगर की टिमली वन रेंज के कुल्हाल क्षेत्र की गुर्जर बस्ती के पास नाले में सोमवार 6 अप्रैल को लोगों ने एक अजगर फंसा देखा. भारी-भरकम अजगर देखकर स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम को सूचना दी. कुछ देर बाद वन विभाग की टीम अजगर को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया. विशाल अजगर को देखकर कुछ देर के लिए रेस्क्यू टीम भी खौफजदा हुई. लेकिन, रेस्क्यू एक्सपर्ट सर्पमित्र आदिल मिर्जा ने वन विभाग की देखरेख में अजगर को रेस्क्यू करने के प्रयास शुरू किए. कई घंटों की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के विकासनगर में एक विशालकाय अजगर नजर आने से इलाके में हड़कंप मच गया. 14 फीट लंबा और करीब 55 किलो से अधिक वजन वाला यह अजगर नाले के पास फंसा हुआ था. लोगों की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे रेस्क्यू किया और फिर जंगल में छोड़ दिया.#Python pic.twitter.com/iteshoigBG
— NDTV India (@ndtvindia) April 6, 2026
बर्मीज पायथन प्रजाति अजगर
55 किलो से अधिक वजन वाले 14 फीट लंबे अजगर को देखकर सभी लोग हैरान रह गए. सर्पमित्र ने बताया कि यह अजगर बर्मीज पायथन प्रजाति है. वह इतना भारी था कि उसे उठाकर गाड़ी में रखने के लिए 9 लोगों को सहयोग करना पड़ा. सुरक्षित रेस्क्यू के बाद विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर अजगर को घने जंगल में छोड़ दिया गया. अजगर एक संरक्षित जीव है.
विभाग को दें सूचना
वन विभाग के अधिकारियों ने जंगल के नजदीक रहने वाले स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने की अपील की है. साथ ही कहा कि जीवों को नुकसान न पहुंचाएं. संरक्षित जीव दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें.
(सत्यपाल धानिया की रिपोर्ट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं