विज्ञापन

खटीमा में आदिवासी संस्कृति का महाकुंभ, कलाकारों ने बिखेरे जनजातीय रंग, CM धामी बोले- विकास से जुड़ रहा समाज

खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव शुरू हो गया है. इसमें 15 राज्यों के जनजातीय कलाकार दिखा रहे अपनी संस्कृति.

खटीमा में आदिवासी संस्कृति का महाकुंभ, कलाकारों ने बिखेरे जनजातीय रंग, CM धामी बोले- विकास से जुड़ रहा समाज
देहरादून:

उधमसिंह नगर के खटीमा में रविवार को तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव की शुरुआत हुई. नवीन मंडी परिसर में शुरू हुए इस महोत्सव में 15 से ज्यादा राज्यों के जनजातीय कलाकार, कारीगर और उत्पादक जुटे हैं. थारू, भोटिया, जौनसारी, बोक्सा समेत कई जनजातियों की लोक कला, नृत्य, हस्तशिल्प और खानपान यहां एक मंच पर देखने को मिल रहा है.

महोत्सव के शुभारंभ से पहले खटीमा में भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए.

CM धामी बोले- डबल इंजन सरकार जोड़ रही मुख्यधारा से

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू मौजूद रहे.

सीएम धामी ने कहा कि 2014 के बाद जनजातीय समाज के सम्मान और सशक्तिकरण को नई प्राथमिकता मिली है. उत्तराखंड में आश्रम पद्धति विद्यालयों को इंटर तक अपग्रेड किया गया है और एकलव्य आवासीय विद्यालयों के जरिए जनजातीय बच्चों को बेहतर शिक्षा दी जा रही है. उन्होंने पिथौरागढ़ में भी एकलव्य विद्यालय खोलने की मांग केंद्र से की.

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना और द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना आदिवासी समाज के बढ़ते सम्मान का प्रतीक है.

खटीमा के एकलव्य विद्यालय को 10 करोड़ मिलेंगे

केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में जनजातीय उत्थान के लिए दो लाख करोड़ से ज्यादा की योजनाएं चल रही हैं. उन्होंने खटीमा के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए 10 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया.

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सीएम धामी सरल और सौम्य स्वभाव के साथ राज्य की चुनौतियों का मजबूती से सामना कर रहे हैं.

तीन दिन तक चलने वाले इस रंगोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और हस्तशिल्प उत्पाद आकर्षण का केंद्र हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttarakhand News, Uttarakhand News In Hindi, Pushkar Singh Dhami
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com