- उत्तराखंड के हिल स्टेशनों में लंबे वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है
- नैनीताल में पर्यटक रात में बिना प्रीबुकिंग के पहुंचे, जिससे उनको होटल और कमरे नहीं मिले
- देर रात तक नैनीताल में कई पर्यटकों को होटल नहीं मिले जिससे वे बस स्टैंड पर सोते नजर आए
लॉन्ग वीकेंड आते ही उत्तराखंड के हिल स्टेशन पर्यटकों से भर जाते हैं. 2 अक्टूबर को गांधी जयंती से रविवार तक लगी छुट्टियों की वजह से लोग घरों से पहाड़ों की तरफ निकल पड़े हैं. मसूरी से लेकर नैनीताल तक, हर जगह लोग भी लोग नजर आ रहे हैं. नैनीताल का हाल तो कुछ ऐसा है कि वहां पैर रखने तक की जगह नहीं बची है. लोग बिना प्रीबुकिंग के वहां पहुंच तो गए लेकिन अब आलम ये है कि उनको रहने के लिए होटल और कमरे तक नहीं मिल रहे हैं.
लंबे वीकेंड के दौरान पर्यटकों की भीड़ की वजह से नैनीताल में सभी होटल एकदम फुल हैं. शुक्रवार को रात 1 बजे तक पर्यटक होटल ढूंढते नजर आए. रूम नहीं मिलने पर परेशान पर्यटक बस स्टैंड पर भी सोते नजर आए. सिर्फ नैनीताल ही नहीं लंबे वीकेंड के चलते उत्तराखंड के सभी पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है.

दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य जगहों से बड़ी संख्या में लोग छुट्टी मनाने नैनीताल समेत आसपास की जगहों पर पहुंच रहे हैं. ऐसे में होटल, होमस्टे, गेस्ट हाउस सब एकदम फुल हैं. बहुत ज्यादा भीड़ होने की वजह से रात में नैनीताल पहुंचे पर्यटकों को कहीं रुकने के लिए रूम नहीं मिला. परेशान पर्यटक देर रात तक इधर-उधर घूमते रहे. रात 1 बजे नैनीताल की मॉलरोड में पर्यटक अपना बैग लेकर रूम ढूंढते नजर आए. जब रुकने की जगह नहीं मिली तो मजबूरी में वे बस स्टैंड पर ही सो गए.

उत्तराखंड के हिल स्टेशन पर पर्यटकों की भीड़ अक्सर वीकेंड पर बढ़ जाती है. इसके साथ ही ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ने लगती है. मसूरी, नैनीताल ,कौसनी, चकराता जैसे हिल स्टेशन पर लोगों की भीड़ बढ़ जाती है. हरिद्वार और ऋषिकेश मैं भी ट्रैफिक जाम बढ़ जाता है. नैनीताल भी पर्यटकों से पूरी तरह भरा हुआ है, जिसकी वजह से लोगों को रुकने की जगह नहीं मिल पा रही है.
ये Video भी देखें:| चुपापा विधायक हैं हमारे... एसडीएम ने निकाली बेटे की 'VIP हनक/TOP NEWS
ये भी पढ़ें-वीकेंड को लेकर पहाड़ों पर उमड़ रही भीड़, मसूरी से लेकर नैनीताल तक ट्रैफिक को लेकर जारी किए गए गाइडलाइंस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं