UP Police Encounter: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ में हो गई, जिससे वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी की पहचान अर्जुन रावत के रूप में हुई है, जो आशियाना थाना क्षेत्र के किला मोहम्मदी का रहने वाला है. पुलिस उससे पूछताछ कर उसकी आपराधिक कुंड खंगाल रही है.
मामला लखनऊ के PGI इलाके का है. पूछताछ में अर्जुन ने क्षेत्र में महिलाओं से लूटपाट करने की बात कबूल की है. उसके पास से महिला से लूटा गया मोबाइल, काली पल्सर, तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद हुआ है. घायल बदमाश अर्जुन रावत के खिलाफ कई अलग-अलग मामले भी दर्ज हैं. वह पहले भी जेल जा चुका है.
पल्सर बाइक से भागने लगा था बदमाश
पुलिस ने बताया कि 22 मार्च की देर रात पुलिस ने PGI के सैनिक विहार इलाके में चेकिंग के दौरान पल्सर सवार संदिग्ध को रुकने को इशारा किया, लेकिन वो बाइक मोड़कर भागने लगा. पुलिस ने पकड़ने के लिए उसकी घेराबंदी की और पीछा भी शुरू कर दिया. आरोपी ने जब खुद को घिरा पाया तो बचने के लिए पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.
20 मार्च को लूटी थी चेन
जवाब में पुलिस ने भी फायर किया और उसके पैर में गोली लग गई. बदमाश ने पूछताछ में बताया कि 20 मार्च को उसने सेनानी विहार इलाके में ऑफिस जा रही महिला की चेन लूटी थी. मामले में आशियाना निवासी प्रीति सिंह ने FIR भी दर्ज कराई थी. पुलिस उसे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश कर रही थी.
ये भी पढ़ें- Lucknow: हाथ-पैर बांधे, 44 साल की बहू ने प्रेमी संग मिलकर घोंटा सास का गला, अवैध संबंध के खिलाफ थी, कई बार पकड़ा था
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं