- खाने में कीड़े मिलने के बाद दून यूनिवर्सिटी की छात्राओं हंगामा शुरू कर दिया.
- सोमवार की देर रात छात्राओं ने कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
- छात्राओं ने मेस की फूड क्वालिटी की जांच और लापरवाह लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
उत्तराखंड में देहरादून की दून यूनिवर्सिटी के अलकनंदा गर्ल्स हॉस्टल में खाने में कीड़े निकलने के बाद स्टूडेंट्स ने प्रोटेस्ट किया. सोमवार रात परोसे गए मेस के खाने में छात्राओं को कीड़ा मिला. इस दौरान हॉस्टल की छात्राओं ने इकठ्ठा यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया. जानकारी के मुताबिक, खाने में कीड़े और स्नेल मिलने के बाद स्टूडेंट्स में भारी नाराजगी है. उन्होंने यूनिवर्सिटी परिसर में काफी देर तक हंगामा किया. इस दौरान छात्राओं ने कुलपति के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की. घटना की जानकारी मिलने के बाद यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट ने छात्राओं को समझाने की कोशिश की लेकिन काफी देर तक हंगामा चलता रहा.
काफी देर तक छात्राएं अपनी मांगों को लेकर विरोध करती रहीं. इससे विश्वविद्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही. छात्राओं ने फूड क्वालिटी की जांच करवाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है.
हालांकि, मैनेजमेंट की तरफ से कई बार समझाने की कोशिश करने के बाद छात्राओं ने विरोध प्रदर्शन खत्म किया.
दून यूनिवर्सिटी एक स्टेट पब्लिक यूनवर्सिटी है, जिसकी स्थापना साल 2005 में उत्तराखंड सरकार ने करवाई थी. जानकारी के मुताबिक, यह उत्तराखंड की ऐसी एकमात्र यूनिवर्सिटी है, जहां पर पांच विदेशी भाषाएं पढ़ाई जाती हैं. इनमें चाइनीज, स्पैनिश, जर्मन, जापानी और फ्रेंच जैसी भाषाएं शामिल हैं. इसके साथ ही, दून यूनिवर्सिटी में तीन स्थानीय भाषाएं गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी भी पढ़ाई जाती हैं. हाल ही में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वविद्यालय में 11.2 करोड़ की बायोलॉजिकल साइंस लैब और 17.39 करोड़ की सेंट्रल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं