यूपी के जालौन जिले की कालपी कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां कुछ दबंगों ने एक व्यक्ति को रिश्तेदारी का वास्ता देकर जाल में फंसाया. इसके बाद उसे सुनसान जगह ले जाकर न सिर्फ लहूलुहान होने तक पीटा, बल्कि उसके कपड़े उतारकर पूरी वारदात का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया और पीड़ित को मरणासन्न हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए.
मामला कालपी कोतवाली क्षेत्र के टरननगंज इलाके का है. पीड़ित अशोक कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 3 जुलाई की रात कुछ युवक उनके पास आए. उन्होंने कहा कि अशोक का भतीजा सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा है. भतीजे की जान खतरे में होने की बात सुनकर अशोक घबरा गया और तुरंत उन युवकों के साथ बाइक पर बैठ गए.
लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा
आरोप है कि आरोपी उन्हें झांसा देकर एक सुनसान इलाके में ले गए. वहां पहले से ही कुछ अन्य युवक घात लगाए बैठे थे. अशोक के पहुंचते ही सभी ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों व लात-घूसों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. दबंगों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए पीड़ित के कपड़े भी उतार दिए और 500 रुपये नगद छीन लिए. गंभीर चोटें आने के कारण अशोक बेसुध हो गया तो हमलावरों को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है. इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया अपलोड
जाते-जाते आरोपियों ने इस पूरी हैवानियत का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. होश में आने के बाद पीड़ित किसी तरह अपने घर पहुंचा. परिजनों ने उन्हें तुरंत कालपी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है. पीड़ित ने कालपी कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
महिला ने चप्पलों से की थी पिता की पिटाई, 15 साल बाद बेटे ने लिया बदला, महिला की कर दी हत्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं