विज्ञापन

महिला ने चप्पलों से की थी पिता की पिटाई, 15 साल बाद बेटे ने लिया बदला, महिला की कर दी हत्या

उत्तर प्रदेश के जालौन में 50 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस के अनुसार, 15 साल पहले पिता की चप्पलों से हुई पिटाई का बदला लेने के लिए दो आरोपियों ने महिला की कुल्हाड़ी और डंडे से हत्या कर दी.

महिला ने चप्पलों से की थी पिता की पिटाई, 15 साल बाद बेटे ने लिया बदला, महिला की कर दी हत्या

यूपी के जालौन में हुई एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले के पीछे कोई ताजा विवाद नहीं, बल्कि 15 साल पुरानी रंजिश निकली. पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने वर्षों पहले आरोपी के पिता की चप्पलों से पिटाई की थी. उस बेइज्जती को आरोपी भूल नहीं सके और बदला लेने की भावना मन में पाले रहे. आखिरकार मौका मिलते ही उन्होंने घर के बाहर सो रही महिला पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए हैं.

घर के बाहर सो रही महिला की हत्या

यह मामला जालौन जिले के रामपुरा थाना क्षेत्र के जायघा गांव का है. पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई की रात 50 वर्षीय महिला अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही थी. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया. महिला के सिर पर कुल्हाड़ी और डंडे से वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. अगले दिन सुबह खून से लथपथ शव मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया.

ब्लाइंड मर्डर केस की शुरू हुई जांच

हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. मामले के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस को लगाया गया. शुरुआती दौर में हत्या की वजह और आरोपी दोनों ही पुलिस के लिए पहेली बने हुए थे, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस धीरे-धीरे आरोपियों तक पहुंच गई.

गांव के ही दो आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने गांव के रहने वाले सहदेव और रनसिंह को हिरासत में लिया. पूछताछ में दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली. इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी, डंडा और घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए.

15 साल पुरानी बेइज्जती बनी हत्या की वजह

एएसपी डॉ. ईशान सोनी के मुताबिक, करीब 15 साल पहले मृतका का आरोपी रनसिंह के पिता से विवाद हुआ था. उस विवाद के दौरान महिला ने आरोपी के पिता की चप्पलों से पिटाई कर दी थी. पुलिस का कहना है कि इसी घटना के बाद आरोपी महिला से रंजिश रखने लगे थे. वर्षों तक मन में बदले की भावना बनी रही और वे मौके की तलाश में थे.

पुलिस जांच में सामने आया कि 3 जुलाई की रात जब महिला घर के बाहर अकेले सो रही थी, तब दोनों आरोपी वहां पहुंचे. उन्होंने कुल्हाड़ी और डंडे से महिला पर ताबड़तोड़ हमला किया. गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए थे. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jalaun Murder Case, Uttar Pradesh Crime, Blind Murder Case Solved, Revenge Killing, UP Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com