विज्ञापन

आज अयोध्या में CM योगी क्या बड़ा एक्शन लेंगे? राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच दौरा, चंपत राय से बनाई दूरी

राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन को लेकर यूपी की राजनीति तेज है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कई बार सरकार और प्रशासन को घेरा है. मामले की जांच कर रही एसआईटी लगातार पूछताछ कर रही है. इस बीच आज यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या का दौरा करेंगे. लेकिन सीएम के इस दौरे में मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय नजर नहीं आएंगे.

आज अयोध्या में CM योगी क्या बड़ा एक्शन लेंगे? राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच दौरा, चंपत राय से बनाई दूरी
UP CM योगी आदित्यनाथ और राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय.
NDTV
  • सीएम योगी आदित्यनाथ का आज शुक्रवार को अयोध्या में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना प्रस्तावित है.
  • कथित चढ़ावा चोरी की जांच के बीच योगी आदित्यनाथ का यह दौरा अहम माना जा रहा है.
  • खास बात यह है कि योगी के इस दौरे में मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को दूर रहने को कहा गया है.
अयोध्या:

Yogi Adityanath Ayodhya Visit: राम मंदिर में दान के कथित गबन को लेकर विवादों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अयोध्या जा रहे हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ का आज शुक्रवार को अयोध्या में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना प्रस्तावित है. आधिकारिक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री की यात्रा में श्री ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर में प्रतिष्ठा महोत्सव, महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मदिन का कार्यक्रम, रामायण वैक्स संग्रहालय का उद्घाटन और अयोध्या नगर निगम द्वारा विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करना शामिल है. सीएम अयोध्या राम मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे. लेकिन ऐसा पहली बार होगा कि अयोध्या में सीएम के कार्यक्रम में श्रीराम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय शामिल नहीं होंगे. चढ़ावा चोरी को लेकर मची सियासी हलचल के बीच सीएम के अयोध्या दौरे पर सबकी नजरें टिकी है. माना जा रहा है कि योगी एसआईटी जांच के बारे में जानकारी ले सकते हैं. 

सीएम के कार्यक्रम में दूर रहेंगे चंपत राय

दरअसल जिला प्रशासन ने चंपत राय से सीएम के कार्यक्रम से दूरी बनाने का अनुरोध किया है. जिला प्रशासन ने CM का प्रोटोकॉल मंदिर ट्रस्ट को भेजा है. जिसमें मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से अनुरोध किया गया है कि वह इस कार्यक्रम में आने के लिए किसी व्यक्ति को नामित करें. पहले ऐसा नहीं होता था. मंदिर आने वाले प्रत्येक VIP की अगवानी खुद चंपत राय करते थे. माना जा रहा है कि चंदा चोरी के आरोपों के बीच सरकार ने चंपत राय से दूरी बना ली है.

Latest and Breaking News on NDTV

योगी का आज अयोध्या में क्या है कार्यक्रम?

योगी आदित्यनाथ दोपहर साढ़े तीन बजे श्री ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का जैन धर्म में विशेष महत्व है. मुख्यमंत्री महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मदिन समारोह में भी हिस्सा लेंगे. महंत को राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े प्रमुख संतों में से एक माना जाता है.

10 करोड़ की लागत से बनी वैक्स संग्रहालय का उद्घाटन भी करेंगे योगी

बयान के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ शाम को रामायण वैक्स संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे, जिसे अयोध्या में कांशीराम कॉलोनी के पास करीब 10 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है. इस संग्रहालय को अयोध्या के सांस्कृतिक एवं पर्यटन विकास को बढ़ावा देने में एक महत्वपूर्ण पहल माना जाता है. इस संग्रहालय में रामायण की विभिन्न घटनाओं को दर्शाती हुई विभिन्न मोम की मूर्तियां हैं, जिनमें भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान आदि की मूर्तियां शामिल हैं.


सीएम योगी के अयोध्या दौरे का मिनट 2 मिनट शेड्यूल

  • सुबह 10:35 पर पहुंचेंगे रुदौली विधानसभा के मां कामाख्या धाम हेलीपैड.
  • कामाख्या मंदिर में दर्शन पूजन वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण,रुदौली विधानसभा के विकास कार्यों का शिलानाथ लोकार्पण.
  • 12:05 पर रुदौली से रवाना होंगे गोंडा के लिए.
  • 12:25 पर आयुक्त सभागार गोंडा में देवीपाटन और बस्ती मंडल के लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा और नए कार्यों की कार्ययोजना के संबंध में करेंगे बैठक.
  • 2.40 पर गोंडा से अयोध्या के लिए होंगे रवाना.
  • 2.55 पर पहुंचेंगे राम कथा पार्क हेलीपैड.
  • 3:00 बजे करेंगे हनुमानगढ़ी का दर्शन पूजन,हनुमानगढ़ी के बाद पहुंचेंगे राम मंदिर परिसर,राम लला करेंगे दर्शन पूजन.
  • 3:30 पर पहुंचेंगे कार्यक्रम स्थल ऋषभदेव दिगंबर जैन मंदिर.
  • 4.20 पर पहुंचेंगे मणिराम दास छावनी, राम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में होंगे शरीक.
  • 5:10 पर रामायण वैक्स म्यूजियम का करेंगे उद्घाटन.
  • 6:00 बजे पहुंचेंगे राम कथा पार्क हेलीपैड, लखनऊ के लिए होंगे रवाना.
  • करीब 7:30 घंटा अयोध्या और गोंडा में रहेंगे सीएम योगी.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की एसआईटी कर रही जांच

राम मंदिर चढ़ावे के कथित गबन की पड़ताल कर रहे विशेष जांच दल ने गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा से दान राशि की गिनती और इस प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों की नियुक्ति के सिलसिले में पूछताछ की. तीन सदस्यीय एसआईटी गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे राम मंदिर परिसर पहुंची और लगातार चौथे दिन अपनी जांच जारी रखी.

3 दिन में 100 कर्मियों से पूछताछ, अजय राय भी पहुंचे थे अयोध्या

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एसआईटी ने बीते 3 दिनों की जांच में 100 से अधिक कर्मचारियों से पूछताछ की है. बीते 11 महीने के दस्तावेज चेक किए जा रहे हैं. इससे एक दिन पहले यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय भी अयोध्या पहुंचे थे. उन्होंने कथित चढ़ावा चोरी को हाईकोर्ट के सिटिंग जज के नेतृत्व में जांच कराने की मांग की थी. 

13 जून को बनी एसआईटी

सूत्रों के मुताबिक, मिश्रा से मंदिर में प्राप्त दान और चढ़ावे की गिनती की प्रणाली और इस कवायद से जुड़े व्यक्तियों की भर्ती के संबंध में पूछताछ की गई. उत्तर प्रदेश सरकार ने दान के गबन और वित्तीय कुप्रबंधन से जुड़े आरोपों की जांच के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को एसआईटी का गठन किया. इसमें लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस महानिरीक्षक किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं.

7 जून को सामने आया था मामला, खूब हो रही राजनीति

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में वित्तीय गड़बड़ी का मामला सात जून को सामने आया, जब उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि राम मंदिर को चढ़ावे और चंदा के रूप में मिले करोड़ों रुपये गायब हैं. अखिलेश ने अदालत से इस मामले का संज्ञान लेने का आग्रह किया था.
 

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट.

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव का एक्स पोस्ट.

अखिलेश ने SIT जांच की डेली रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की

SIT जांच जारी रहने के बीच अखिलेश ने गुरुवार को इस मुद्दे पर भाजपा पर हमला तेज करते हुए ‘एक्स' पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि अयोध्या गलत चीजें करने वालों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगा. उन्होंने कहा कि चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर पैदा हुए विवाद से मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या प्रभावित हुई है.

अखिलेश ने भाजपा पर जांच की प्रगति पर स्पष्टता उपलब्ध कराने में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने मांग की कि एसआईटी जांच को लेकर दैनिक आधार पर जानकारी प्रदान की जाए, क्योंकि भाजपा सरकार में व्यापक भ्रष्टाचार से जांच एजेंसी में लोगों का विश्वास घटा है.

यह भी पढे़ं - राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन की जांच कर रही एसआईटी ने अनिल मिश्रा से पूछताछ की

लेखक के बारे में
img
Pramod Shrivastava
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ram Mandir, Ram Mandir Ayodhya Chori, UP CM Yogi Adityanath, Ram Mandir Donation Theft Case, Champat Rai Ayodhya
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com