- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के खागा में दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर शादी में दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया
- कुत्ते को बांधने की मांग पर लड़के वालों ने विरोध किया और कुर्सियां चलने से आठ लोग घायल हुए
- दुल्हन का परिवार पालतू कुत्ते के साथ शादी के लिए खागा के गेस्ट हाउस आया था जहां रस्में चल रही थीं
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर के खागा में एक कुत्ते की वजह से शादी में जबरदस्त हंगामा हुआ. दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर शादी की रस्मों के बीच में ही दोनों पक्षों में जमकर कुर्सियां चलीं. इस पूरी गहमागहमी में 8 लोग घायल हो गए. इसके बाद दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. फिर मामला पुलिस के पास पहुंचा और दोनों पक्षों ने ही एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की.

हुआ ये कि दुल्हन थी प्रयागराज की. 19 फरवरी को शादी के लिए दुल्हन और उसका पूरा परिवार-रिश्तेदार खागा आए थे. दुल्हन अपने साथ पालतू कुत्ता भी लेकर आई थी. शादी के दौरान चल रही रस्मों के बीच ही पालतू कुत्ता भी खुला घूम रहा था. इसे लेकर लड़के वालों ने आपत्ति जताई और कुत्ते को बांधने को कहा. लेकिन मामला बिगड़ गया और फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर कुर्सियां चलीं. इस मारपीट में कई महिलाएं समेत 8 लोग घायल हो गए. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है.

बताया जा रहा है कि लड़की वाले पालतू कुत्ते को अपने साथ लेकर खागा के गेस्ट हाउस पहुंचे. शादी की सारी रस्में यहीं होनी थीं. यहां कुत्ते ने बारातियों पर भौंकना शुरू कर दिया. तभी लड़के वालों ने कुत्ते को डंडा लेकर बाहर भगा दिया. लड़के वालों ने कुत्ते को बांधने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच में कहा सुनी हो गई. देखते ही देखते दोनों एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे.

हालात इतने बिगड़ गए कि मामला पुलिस तक पहुंच गया. पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत तो करा दिया लेकिन अब शादी पर ही सवाल खड़े हो गए हैं. बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की दोनों ही एक-दूसरे से प्यार करते हैं और कोर्ट मैरिज कर चुके हैं. लेकिन अब दुल्हन शादी से इनकार कर रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं