- वाराणसी एयरपोर्ट पर पूर्व शिवसेना नगरसेवक कमलेश केदारनाथ राय की लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई.
- गोली की चपेट में आने से दो सुरक्षाकर्मी रोहित राज और सुमन कुमारी घायल हो गए.
- कमलेश राय के पास पिस्तौल के साथ 21 जिंदा कारतूस भी पाए गए, हालांकि हथियार लाइसेंसी बताया जा रहा है.
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान एक लाइसेंसी पिस्तौल से अचानक फायर हो जाने से दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए. घटना में शामिल यात्री की पहचान शिवसेना (शिंदे गुट) के पूर्व नगरसेवक कमलेश केदारनाथ राय के तौर पर हुई है.
जानकारी के मुताबिक, कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान IX-1810 से रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मुंबई जाने वाले थे. एयरपोर्ट के सुरक्षा जांच क्षेत्र में जब उनके सामान और लाइसेंसी हथियार की जांच की जा रही थी, तभी उनकी 7.62 मिमी पिस्तौल से अचानक गोली चल गई. गोली सीधे किसी को नहीं लगी, लेकिन इसके छिटकने से वहां ड्यूटी पर मौजूद दो सुरक्षाकर्मी, रोहित राज और सुमन कुमारी घायल हो गए.
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायल दोनों सुरक्षाकर्मियों को तत्काल इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
21 जिंदा कारतूस भी मौजूद
सुरक्षा एजेंसियों की जांच में पता चला कि कमलेश राय के पास पिस्तौल के अलावा 21 जिंदा कारतूस भी मौजूद थे. हालांकि हथियार लाइसेंसी बताया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा जांच के दौरान गोली चलने की घटना ने एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था और हथियारों के सुरक्षित प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने कमलेश राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. वहीं नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS), सीआईएसएफ तथा स्थानीय पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं. जांच का मुख्य बिंदु यह है कि एयरपोर्ट पर हथियार ले जाने संबंधी निर्धारित नियमों और प्रोटोकॉल का पालन किया गया था या नहीं, तथा सुरक्षा जांच के दौरान आखिर गोली कैसे चल गई.
अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह महज एक दुर्घटना थी या हथियार संभालने में किसी प्रकार की लापरवाही हुई थी. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है.
(रिजवान शेख का इनपुट)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं