- 25 अगस्त रात चोर घर में घुसे, पत्नी-बेटी के आभूषण और घरेलू सामान समेटा.
- परिजनों का दावा- जाते-जाते बोरियों में रखी 30 किलो चीनी भी उठा ले गए.
- मामले में FIR दर्ज हुई है और जांच जारी है.
उत्तर प्रदेश के सीतापुर से चोरी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. चोर आए और दीवार फांदकर लाखों के जेवर, सामान चोरी, 30 किलो चीनी चुरा ले गए. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है. दरअसल, जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बयाना. घर में घुसकर लाखों रुपये के आभूषण सहित घरेलू सामान चुरा ले गए.
जानकारी के मुताबिक, उदयपुर गांव निवासी चंद्रपाल मजदूरी के सिलसिले में हरिद्वार गए हुए थे. घर पर उनके परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे. मंगलवार, 25 अगस्त की बीती रात अज्ञात चोर घर की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए. चोरों ने घर में रखे सामान को खंगाला, पत्नी और बेटी के आभूषण सहित कीमती सामान चोरी कर लिया.
सबूत जुटाने की कोशिश कर रही पुलिस...
परिजनों के मुताबिक, चोर जाते-जाते घर में रखी करीब 30 किलो चीनी भी उठा ले गए. चोरी की जानकारी होने पर परिवार वालों ने चंद्रपाल को खबर दी. चंद्रपाल हरिद्वार से वापस आए और इमलिया सुल्तानपुर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी.
पीड़ित परिवार का कहना है कि घर में चोरी होने से सभी लोग डरे और सहमे हुए हैं. वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े सबूत जुटाने की कोशिश शुरू की.
ये भी पढ़ें: सीतापुर: क्या एक और रेल हादसे का इंतजार कर रहा प्रशासन!
इमलिया सुल्तानपुर थानाध्यक्ष आशीष तिवारी ने बताया कि चोरी की वारदात को लेकर परिवार की तरफ से लिखित शिकायत मिली है. शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए जांच में जुटी है. घटना के बाद ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
ये भी पढ़ें: सीतापुर में 4 दिन से लापता किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला, चौकी इंचार्ज सस्पेंड; 3 हिरासत में
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं