Agra MLC Election Result 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के नतीजे एक-एक घोषित हो रहे हैं. थोड़ी देर पहले आगरा खंड के शिक्षक और स्नातक सीट का रिजल्ट घोषित हुआ. आगरा शिक्षक सीट पर सपा के आकाश अग्रवाल ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की. आकाश अग्रवाल ने भाजपा के हरि किशोर तिवारी को हराया. 23 अक्टूबर को मतदान के दिन आकाश ने भाजपा पर बूथ कैप्चरिंग और फर्जी वोटिंग के आरोप लगाए थे. वोटिंग के बाद उनका एक वीडियो भी खूब वायरल हुआ था. जिसमें वो फूट-फूट कर रोते नजर आए थे. यह भी कहा था कि धांधली से हराया गया तो मुस्लिम धर्म अपना लूंगा.

वोटिंग के बाद काउंटिंग के दौरान भी हंगामा
मंगलवार रात काउंटिंग के दौरान भी आगरा में हंगामा हुआ. काउंटिंग के समय भी आकाश अग्रवाल के समर्थकों ने धांधली के आरोप लगाए. हालांकि अंतत: आकाश अग्रवाल चुनाव जीत गए. खंड शिक्षक पर सपा के डॉ आकाश अग्रवाल को 14046 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को 9783 वोट मिले , मतो के आंकड़ों में सपा के डॉ आकाश अग्रवाल को 4263 वोट की बढ़त रही.
उप्र व देश-दुनिया का संपूर्ण ‘अग्रवाल समाज' ये आँसू देखकर बेहद आहत है। शिक्षक/स्नातक एमएलसी चुनाव में सपा के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल जी को हराने के लिए भाजपाइयों, उनके संगी-साथियों व अधिकारियों ने मिलकर चुनावी घपलों की सारी हदें पार कर दीं, जिससे प्रताड़ित, दुखी व अपमानित होकर डॉ. आकाश अग्रवाल जी एक ऐसा फ़ैसला लेने की घोषणा कर रहे हैं, जिससे उनकी तरह संपूर्ण ‘अग्रवाल समाज' भी व्यथित हो गया है। समय आने पर हम डॉ. आकाश अग्रवाल जी को यथोचित सम्मान और स्थान देकर संपूर्ण ‘अग्रवाल समाज' के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना करेंगे। चुनाव के लूटेरे इन दग़ाबाज़ भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों की भ्रष्ट सत्ता अब और नहीं चलेगी। जनता अब इनकी जड़ में मट्ठा डाल देगी। भाजपा किसी की सगी नहीं है। हम डॉ. आकाश अग्रवाल जी और संपूर्ण अग्रवाल समाज के साथ हैं।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 24, 2026
पिछले चुनाव में भी आकाश अग्रवाल ने दर्ज की थी जीत
इससे पहले पिछले चुनाव यानि 2020 में आगरा खंड शिक्षक विधान परिषद सीट पर बतौर निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने जीत दर्ज की थी. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी डॉ. दिनेश को दूसरी वरीयता की मतगणना में 2,376 मतों से हराया था.
डॉ. आकाश अग्रवाल को रिटर्निंग ऑफिसर नगेन्द्र प्रताप जी द्वारा प्रमाण पत्र दिया. आरोप प्रत्यारोप और हंगामा होने के बाद सपा प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल और उनके समर्थकों में खुशी की लहर है.
आगरा स्नातक सीट पर भाजपा का कब्जा
आगरा स्नातक सीट पर भाजपा के मानवेंद्र प्रताप सिंह जीत दर्ज की है. भाजपा मानवेंद्र प्रताप सिंह ने सपा के शशांक यादव को पछाड़ा है. अब से थोड़ी देर पहले भाजपा प्रत्याशी मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी' विजयी घोषित किए गए. जिसके बाद उनके समर्थक जश्न मना रहे हैं.
यूपी विधान परिषद चुनाव रिजल्टः अभी तक के नतीजे
यूपी विधान परिषद चुनाव के अभी तक के नतीजे और रुझान में भाजपा को 6 और सपा को 5 सीटें मिलती दिख रही है. सपा को दो सीटों का फायदा होने की उम्मीद है. आगरा शिक्षक सपा ने अपने पाले में की है. भाजपा को लखनऊ स्नातक सीट गंवानी पड़ सकती है. गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशी को कड़ी मेहनत करनी पड़ रही है। ध्रुव कुमार त्रिपाठी पहले भी शिक्षक खंड के निर्दलीय एमएलसी थे. आगरा से जीते आकाश अग्रवाल भी निर्दलीय एमएलसी थे. चुनाव से पहले ही दोनों ने भाजपा और सपा जॉइन की थी. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तीनों सीटों पर भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की है.
यह भी पढ़ें - कौन हैं लाल बिहारी यादव; वाराणसी शिक्षक सीट पर जमाया कब्जा, PM मोदी के संसदीय क्षेत्र में सपा की बड़ी जीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं