विज्ञापन

सड़क के बीच में हैंडपंप, मिर्जापुर में अजब घटना की गजब कहानी

Mirzapur News: पीडब्ल्यूडी के इस कारनामें का वीडियो वायरल होने लगा तब जाकर अधिकारियों की नींद टूटी. आननफ़ानन में हैंडपंप हटाने की सोची गई. फिर ज़िम्मेदारी नगर पालिका की बताई गई. फिर लगा कि जबतक नगर पालिका कुछ करेगी, तब तक ज़्यादा देर ना हो जाए तो और ज़्यादा बदनामी के डर से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने ख़ुद ही मैनेज करके हैंडपंप को हटवाया.

सड़क के बीच में हैंडपंप, मिर्जापुर में अजब घटना की गजब कहानी
मिर्जापुर में पीडब्लूडी की लापरवाही.
  • मिर्जापुर में लोक निर्माण विभाग ने लापरवाही दिखाते हुए सड़क के बीच में हैंडपंप छोड़ दिया था
  • स्थानीय लोगों ने इस अजीब स्थिति का वीडियो बनाया जो तेजी से वायरल हो गया था
  • वायरल वीडियो के बाद अधिकारियों ने आननफान में हैंडपंप हटाने का निर्णय लिया था
मिर्जापुर:

यूपी के मिर्जापुर में लोक निर्माण विभाग ने कमाल कर दिया. ऐसा कमाल कि मत ही पूछिये. हुआ दरअसल यूं कि सड़क बनाने के दौरान एक हैंडपंप सड़क के बीच में आने लगा. बनाने वालों ने सोचा कि अब हैंडपंप का किया क्या जाये. फिर शायद दिमाग़ में आया कि पीडब्ल्यूडी विभाग को हैंडपंप से क्या लेना देना, ये तो नगर पालिका जाने. बस फिर क्या था, गिराया तारकोल और बिछा दी सड़क. वो भी बिना हैंडपंप को वहां से हटाये हुए.

किसने बनाया ये मुजस्समा?

आसपास के लोगों की सुबह जब आंख खुली और सड़क के बीच में हैंडपंप लगा पाया तो बरबस ही उनके मुंह से निकला, किसने बनाया ये "मुजस्समा”? क्योंकि नई बनी सड़क के बीचोंबीच हैंडपंप लगा रहा. जिसने देखा, उसने अपने जेब से मोबाइल निकालकर इस ऐतिहासिक कारनामे का वीडियो बनाना शुरू कर दिया. देखते देखते कारनामा मुहल्ले से शहर, शहर से प्रदेश, प्रदेश से देश और देश से विदेशों तक फैलने लगा.

वीडियो वायरल होते ही खुली अफसरों की नींद

पीडब्ल्यूडी के इस कारनामें का वीडियो वायरल होने लगा तब जाकर अधिकारियों की नींद टूटी. आननफ़ानन में हैंडपंप हटाने की सोची गई. फिर ज़िम्मेदारी नगर पालिका की बताई गई. फिर लगा कि जबतक नगर पालिका कुछ करेगी, तब तक ज़्यादा देर ना हो जाए तो और ज़्यादा बदनामी के डर से पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने ख़ुद ही मैनेज करके हैंडपंप को हटवाया. मिर्जापुर पहुंचे यूपी के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी से जब इस कारनामे के बारे में पूछा गया तो वो बगलें झाकते दिखाई दिए और इस पर कुछ नहीं कहा.

बिना हैंडपंप हटए ही बना दी सड़क

ये कारनामा मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतित इनारा के पास का है. ये सड़क विंध्याचल धाम को जाती है. यानी चैत्र नवरात्रि के दौरान इस सड़क पर आवाजाही ज़्यादा बढ़नी थी. किसी अधिकारी/कर्मचारी के मन में ये डर नहीं रहा कि इससे कोई दुर्घटना हो सकती है. फ़िलहाल ये हैंडपंप हटा लिया गया है लेकिन सवाल है कि सड़क बनाते हुए किसी को इसे हटाने का ख़्याल कैसे नहीं आया.

ये भी पढ़ें- वाह रे पीडब्लूडी... हैंडपंप हटाया नहीं और सड़क बना दी, हो रही थू-थू , कारनामे का VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP News, Mirzapur News, Handpump In Middle Of Road, Handpump On Road, UP PWD Department
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com