यूपी के बांदा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. बिसंडा थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने हुई जबरदस्त टक्कर में तीन लोगों की जान चली गई. इस हादसे ने इसलिए भी सबको झकझोर दिया, क्योंकि मृतकों में एक युवक की शादी महज 9 दिन बाद होने वाली थी. खुशियों से भरा घर एक झटके में मातम में बदल गया.
मनीष कुमार मिश्रा की रिपोर्ट...
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
बांदा में एक बार फिर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हुई. बिसंडा थाना क्षेत्र के चौंसड़ गांव के पास दो बाइक सवार अपने-अपने घर लौट रहे थे, तभी अचानक दोनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मचा हड़कंप
जैसे ही हादसा हुआ, मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में पुलिस और एम्बुलेंस टीम भी पहुंच गई. घायलों को जल्दी से अस्पताल भेजा गया, लेकिन उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया.
शादी से पहले घर में पसरा सन्नाटा
इस हादसे में जान गंवाने वालों में रामजी नाम का युवक भी शामिल था. उसकी शादी 1 जुलाई को तय थी और परिवार में खुशी का माहौल था. घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन जैसे ही उसकी मौत की खबर पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया. रिश्तेदार और परिजन सदमे में हैं, किसी को यकीन नहीं हो रहा कि खुशियों का ये पल इतना बड़ा दुख बन जाएगा.
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है. सीओ अतर्रा कृष्णकांत त्रिपाठी के मुताबिक, बिसंडा थाना क्षेत्र के चौंसड़ गांव के पास ओरन-अतर्रा मार्ग पर दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की टक्कर हुई थी. हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं