विज्ञापन
This Article is From Dec 08, 2019

उन्नाव में पुलिस की लापरवाही का नया मामला, महिला से कहा- रेप तो हुआ नहीं, जब होगा तब आना

एक महिला ने शनिवार को आरोप लगाया कि पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास की उसकी शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया. कथित तौर पर पुलिस ने महिला से कहा कि जब दुष्कर्म हो उसके बाद आना, तभी शिकायत दर्ज होगी.

उन्नाव में पुलिस की लापरवाही का नया मामला, महिला से कहा- रेप तो हुआ नहीं, जब होगा तब आना
प्रतीकात्मक तस्वीर
  • उन्नाव पुलिस अपने उसी पुराने निर्दयी रवैये पर कायम है
  • पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास की शिकायत दर्ज करने से किया मना
  • कहा, 'रेप तो हुआ नहीं, जब होगा तब आना.'
नई दिल्ली:

आरोपियों द्वारा जलाई गई उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की मौत के बाद जहां पूरे देश में रोष व्याप्त है, वहीं उन्नाव पुलिस अपने उसी पुराने निर्दयी रवैये पर कायम है. जानकारी मिली है कि हिंदूपुर गांव, जहां उन्नाव पीड़िता को आरोपियों ने जलाया था, वहां की एक महिला ने शनिवार को आरोप लगाया कि पुलिस ने दुष्कर्म के प्रयास की उसकी शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया. कथित तौर पर पुलिस ने महिला से कहा कि जब दुष्कर्म हो उसके बाद आना, तभी शिकायत दर्ज होगी. पुलिस स्टेशन में पुलिस ने महिला से कहा, 'रेप तो हुआ नहीं, जब होगा तब आना.'

उन्नाव कांड: आरोपी को सशर्त मिली थी जमानत, सरकारी वकील ने किया था विरोध

महिला ने बताया कि कुछ महीने पहले गांव के ही तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया था. महिला ने कहा, 'मैं अपनी दवाई लेने जा रही थी. तभी तीनों ने मुझे रोका और मेरे कपड़े खींचने लगे. उन्होंने मेरे साथ दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया.' महिला ने आरोपियों की पहचान भी की. इसके बाद जब वह शिकायत करने पुलिस के पास पहुंची तो पुलिस ने उसे भगा दिया और दुष्कर्म होने के बाद आने के लिए कहा.

Unnao Rape Case: प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद पीड़िता के शव को दफनाया गया

महिला ने बताया कि वह तीन महीने से थाने के चक्कर लगा रही है, लेकिन किसी ने भी मामले की सुनवाई नहीं की. महिला ने कहा, 'घटना के बाद, मैंने 1090 (महिला हेल्प लाइन) पर फोन किया और उन्होंने मुझे 100 डायल करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मुझे फिर उन्नाव पुलिस में इस मामले की शिकायत करने के लिए कहा.' महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे शिकायर्त दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं.

VIDEO: सिटी एक्सप्रेस: उन्नाव बलात्कार पर मचा राजनीतिक घमासान

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Unnao, Unnao Rape Case, Uttar Pradesh Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com