विज्ञापन
This Article is From Jun 26, 2025

पति की मारपीट से बचने के लिए पत्नी ने शराब में मिला दी नींद की गोलियां, पति की हो गई मौत 

दस दिन पहले उसने अपने पति से ही किसी बहाने से नींद की गोलियों का एक पत्ता मंगवाकर रख लिया था. बीती 21 जून की शाम उसका पति मजदूरी करके घर लौटा और साथ में बाजार से चिकन व शराब लेकर आया था.

पति की मारपीट से बचने के लिए पत्नी ने शराब में मिला दी नींद की गोलियां, पति की हो गई मौत 
  • घटना खजुरिया थाने के गांव धावनी बुजुर्ग में हुई.
  • पति की शराब पीने के बाद नींद में अचानक मौत हो गई.
  • पत्नी का कहना है कि वह पति की मारपीट से परेशान थी.
  • महिला को गैर-इरादतन हत्या के मामले में न्यायालय में पेश किया गया है.

पति की रोजाना मारपीट से बचने के लिए एक पत्नी ने उसकी शराब में नींद की गोलियां मिला दीं, जिससे पति की मौत हो गई. पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. घटना खजुरिया थाने के गांव धावनी बुजुर्ग के मझरे कंचनपुर की है. यहां के रहने वाले और पेशे से मजदूर देवकी नंदन की बीती 21 जून की रात सोते हुए किसी समय मौत हो गई थी. अगले दिन की सुबह इसका पता चला था. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. मृतक के भाई गंगाराम ने अपनी भाभी विमलेश पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. 

ढाई साल का एक बेटा है

खजुरिया थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी को उसकी ससुराल से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसकी निशानदेही पर उसी के बेडरूम से नींद की गोलियों के रूप में अल्प्रॉजोलाम टैबलेट की एक स्ट्रिप बरामद की गई है. थानाध्यक्ष के अनुसार आरोपी महिला ने पूछताछ में बताया कि उसकी शादी को लगभग 6 वर्ष हो चुके हैं और करीब ढाई साल का एक बेटा भी है. उसका पति शराब पीकर अकसर उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह तंग आ चुकी थी.

गैर-इरादतन हत्या का केस

दस दिन पहले उसने अपने पति से ही किसी बहाने से नींद की गोलियों का एक पत्ता मंगवाकर रख लिया था. बीती 21 जून की शाम उसका पति मजदूरी करके घर लौटा और साथ में बाजार से चिकन व शराब लेकर आया था. उसने चुपके से पति की शराब की बोतल में नींद की चार गोलियां मिला दीं. उसका इरादा पति की मारपीट से बचना व उसे सुलाना था, लेकिन रात में किसी समय उसकी मौत हो गई. थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के बाद थाने में दर्ज गैर-इरादतन हत्या के मामले में आरोपी महिला का चालान कर उसे संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेजा गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, UP Crime, Wife Killed Husband, Khajuria Thana Case, Sleeping Pills Murder
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com