विज्ञापन

करोड़ों का कारोबार छोड़ वृंदावन की धर्मशाला में रह रहे 'सोयाबीन टायकून', 100वें जन्मदिन पर पहुंचे बागेश्वर धाम

कभी देश-विदेश में फैले बड़े कारोबारी साम्राज्य की कमान संभालने वाले महावीर प्रसाद मानसिंगका ने अब अपनी जिंदगी समाज सेवा और आध्यात्मिकता को समर्पित कर दी है. उनके 100वें जन्मदिन पर बाबा बागेश्वर भी शुभकामनाएं देने पहुंचे.

करोड़ों का कारोबार छोड़ वृंदावन की धर्मशाला में रह रहे 'सोयाबीन टायकून', 100वें जन्मदिन पर पहुंचे बागेश्वर धाम
कारोबारी महावीर प्रसाद मानसिंगका बाबा बागेश्वर से मिलने पहुंचे है.

देश के बड़े उद्योगपतियों में शुमार महावीर प्रसाद मानसिंगका ने कभी अपने कारोबार का विस्तार देश-विदेश तक किया था. दिल्ली, जयपुर और मुंबई जैसे शहरों में फैले करोड़ों के कारोबार को छोड़कर अब वह वृंदावन में आध्यात्मिक जीवन बिता रहे हैं. शनिवार को उनके 100वें जन्मदिन के मौके पर बाबा बागेश्वर भी उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे.

कारोबार की दुनिया से वृंदावन तक का सफर

महावीर प्रसाद मानसिंगका का 99वां जन्मदिन वृंदावन के सेवा तीर्थ धर्मशाला में मनाया गया. इस मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों से उनके परिवार के सदस्य और परिचित पहुंचे. बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी धर्मशाला पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. महावीर प्रसाद साल 2020 में वृंदावन आए थे और पिछले करीब छह साल से यहीं रह रहे हैं. उनके चार बेटे थे जिनमें से दो का निधन हो चुका है. अब उनका ज्यादातर समय संतों की संगति और समाज सेवा में बीतता है.

मोरारजी देसाई को बताया था सोयाबीन तेल का महत्व

महावीर प्रसाद ने NDTV से बातचीत में अपने कारोबारी सफर का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि आजादी के बाद एक बार वह तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई से मिलने पहुंचे थे. उस समय उनका परिवार तेल के कारोबार से जुड़ा था. शुरुआत में मोरारजी देसाई ने उन्हें बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं दी. लेकिन जब उन्होंने वेस्ट से वेल्थ यानी बेकार समझी जाने वाली चीजों से संपत्ति बनाने की योजना बताई तो उन्हें बैठाया गया. इसके बाद उन्होंने सोयाबीन से तेल निकालने और उसे मिल में तैयार करने की तकनीक के बारे में जानकारी दी.

महावीर प्रसाद का दावा है कि वह भारत से सोयाबीन का निर्यात करने वाले पहले व्यक्ति थे. आज मानसिंगका परिवार की एक दर्जन से अधिक कंपनियां और फैक्ट्रियां हैं. इनमें Apollo Ingredients और Mansinghka Oil Products जैसी कंपनियां शामिल हैं. परिवार का कारोबार खाद्य तेल के अलावा डेयरी और पोल्ट्री आहार जैसे क्षेत्रों में भी फैला हुआ है.

रोजाना 10 हजार से ज्यादा लोगों को मिलता है मुफ्त भोजन

कारोबार के साथ-साथ महावीर प्रसाद मानसिंगका ने समाज सेवा के क्षेत्र में भी बड़ा योगदान दिया है. उनके मानसिंगका ट्रस्ट के जरिए मथुरा, पुणे और नागपुर में रोजाना 10 हजार से अधिक लोगों को मुफ्त भोजन कराया जाता है. इसके अलावा ट्रस्ट की ओर से मथुरा में दो धर्मशालाएं, आंखों का अस्पताल और बच्चों के लिए कई स्कूल संचालित किए जा रहे हैं.

पाकिस्तान में भी थी परिवार की मिल, नेहरू ने किया था दौरा

महावीर प्रसाद ने बताया कि उनका परिवार आजादी से पहले से ही कारोबार में सक्रिय था. उस समय पाकिस्तान के हैदराबाद में भी परिवार की एक मिल थी. बताया जाता है कि देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने भी इस मिल का दौरा किया था. आजादी के बाद परिवार ने राजस्थान को अपना प्रमुख कारोबारी केंद्र बनाया और यहां से देश के अलग-अलग हिस्सों में खाद्य तेल के कारोबार का विस्तार किया.

नई पीढ़ी को दी अच्छी सोच रखने की सलाह

100 साल की उम्र में पहुंच चुके महावीर प्रसाद अपने जीवन से संतुष्ट हैं. उनका कहना है कि उन्होंने कारोबार में नई तकनीक और उत्पादों को भारत लाने का प्रयास किया और अपनी कमाई का एक हिस्सा गरीबों की मदद में लगाया. नई पीढ़ी को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अच्छी सोच रखना और बुरी आदतों से दूर रहना सफलता के लिए जरूरी है. उनके मुताबिक इन दो बातों को अपनाकर किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ा जा सकता है.

यह भी पढ़ें | कृष्ण भक्तों को लेकर ट्रोलिंग पर बोले बाबा बागेश्वर, कहा- हम बिहारी जी के ही हैं, हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Baba Bageshwar,  Dhirendra Krishna Shastri, Vrindavan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com