विज्ञापन
This Article is From Feb 16, 2020

पीएम मोदी का आज वाराणसी दौरा, एक हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

पीएम नरेंद्र मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए काशी से उज्जैन के बीच शुरू हो रही ट्रेन महाकाल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे

पीएम मोदी का आज वाराणसी दौरा, एक हजार करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
पीएम मोदी रविवार को वाराणसी-उज्जैन काशी महाकाल एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.
वाराणसी:

पीएम नरेंद्र मोदी लंबे समय बाद 16 फरवरी को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंच रहे हैं. प्रधानमंत्री लगभग 6 घंटे तक वाराणसी में रहेंगे. इस दौरान वे एक हजार करोड़ रुपये की 36 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे. वे 14 परियोजनाओं की नींव भी रखेंगे. इस दौरान पीएम मोदी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए महाकाल एक्सप्रेस को हरी झंडी भी दिखाएंगे. वे बनारस के लोगों को कई सौगातें देंगे.

पीएम नरेंद्र मोदी बनारस के बहुप्रतीक्षित चौकाघाट-लहरतारा ओवरब्रिज का उद्घाटन करेंगे. आपको बता दें कि इस ब्रिज के निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें 18 लोगों की जान चली गई थी. इसके साथ ही नरेंद्र मोदी बीएचयू में तैयार 430 बेड के सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे. यह नवनिर्मित सात मंजिला अस्पताल पूरी तरह वातानुकूलित है. इसमें 13 अत्याधुनिक ऑपरेशन थियेटर हैं और ओपीडी की व्यवस्था है. इसके साथ ही पीएम मोदी वैदिक विज्ञान केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे. वे पड़ाव क्षेत्र में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 63 फ़ीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे. पीएम मोदी जंगमबाड़ी स्थित वीरशैव महाकुंभ के शताब्दी समारोह में शिरकत करेंगे. वहां एक पुस्तक का लोकार्पण भी करेंगे.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिवरात्रि के पहले शिवभक्तों को खास तोहफा देंगे. वे काशी को इंदौर से जोड़ने वाली महाकाल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर उसका शुभारंभ करेंगे. यह देश की तीसरी कॉरपोरेट ट्रेन होगी, जिसका संचालन तेजस की तरह आईआरसीटीसी के पास होगा. ट्रेन तीन ज्योतिर्लिंग वाराणसी में काशी विश्वनाथ, उज्जैन में महाकालेश्वर और इंदौर के पास ओंकारेश्वर को जोड़ेगी.

पीएम मोदी पड़ाव इलाके में एक जनसभा की भी संबोधित करेंगे. दिल्ली चुनाव के बाद मोदी पहली बार किसी जनसभा को संबोधित करेंगे. मोदी की जनसभा को कामयाब बनाने के लिए स्थानीय संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. मोदी के वाराणसी आगमन और उनके स्वागत के लिए विधानसभा स्तर पर प्रभारियों को नियुक्त किया गया है. पीएम मोदी टीएफसी सेंटर में यूपी इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन की ओर से हैंडीक्राफ्ट के उत्पाद से जुड़े दो दिवसीय मेले का शुभारंभ करने के साथ संवाद करेंगे.

पीएम मोदी के स्वागत के लिए काशी में 45 जगहों पर वेलकम प्वाइंट बनाए गए हैं. बीएचयू से जंगमबाड़ी के बीच मोदी के स्वागत के लिए 45 वेलकम प्वाइंट बनाए गए हैं. स्वागत केंद्रों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं के अलावा भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे. फूलों की बारिश होगी और डमरू और ढोल नगाड़े बजाए जाएंगे. बीएचयू और गोदौलिया के बीच 3 किमी के फासले में जगह-जगह मोदी के ऊपर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाई जाएंगी. पीएम मोदी रविवार को सुबह 10.15 बजे बबतपर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे सेना के हेलीकॉप्टर से बीएचयू पहुंचेंगे. फिर मोदी जंगमबाड़ी स्थित वीरशैव महाकुंभ में शामिल होंगे.

पीएम के आगमन पर जमीन से आसमान तक पहरा रहेगा. सात हजार पुलिसकर्मियों के अलावा पैरामिलिट्री फोर्स के जवान पीएम की सुरक्षा में मुस्तैद रहेंगे. तीन स्तरीय सुरक्षा होगी. एटीएस की कई टीमों के अलावा बम निरोधक दस्ते की 18 टीमों की ड्यूटी निर्धारित की गई है. सुरक्षा के लिहाज से पीएम के रूट में हेलीपैड से लेकर रोड तक आने वाले घरों में पालतू जानवर रखने वालों को भी नोटिस जारी किया गया है. उन्हें यह बताया गया हैं कि पीएम के आगमन के दौरान पालतू जानवरों को घर में ही बांधकर रखें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Narendra Modi, Varanasi Visit
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com