मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके ट्वीट और बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है. उन्होंने दावा किया कि ओमप्रकाश राजभर खुद समाजवादी पार्टी में आने की इच्छा रखते हैं. मुरादाबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान रुचि वीरा ने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्ष करने वाली पार्टी है. उन्होंने कहा कि यह कोई ऐसी पार्टी नहीं है जहां लोग दबाव में आकर फैसले लेते हों. उन्होंने ओमप्रकाश राजभर के दावों को "मुंगेरीलाल के हसीन सपने" बताते हुए कहा कि ऐसे दावे कभी सच नहीं होंगे.
पीडीए सम्मेलन को लेकर भी नाराजगी जाहिर की
सांसद रुचि वीरा ने हाल ही में मुरादाबाद में आयोजित पीडीए सम्मेलन को लेकर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि उन्हें कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी गई और सम्मेलन से जुड़े होर्डिंग व बैनरों में भी उनकी तस्वीर नहीं लगाई गई.
पार्टी के ही एक नेता पर गंभीर आरोप लगाए
उन्होंने बिना किसी का नाम लिए पार्टी के ही एक नेता पर गंभीर आरोप लगाए. रुचि वीरा ने कहा कि जिले में एक षड्यंत्रकारी नेता गुटबाजी कर रहा है और पार्टी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने कहा कि वह इस पूरे मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को देंगी और जिले को ऐसे नेताओं से बचाने की मांग करेंगी.
वहीं, अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे और दान राशि में कथित चोरी के मामले पर बोलते हुए रुचि वीरा ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.
रुचि वीरा ने कहा कि उनकी पूरी आस्था समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में है. उनके इस बयान के बाद मुरादाबाद समाजवादी पार्टी में गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं