उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल की दूसरी मंजिल पर एक युवक मृत अवस्था में मिला. सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में मृतक की पहचान 32 वर्षीय नीरज कुमार पुत्र घनश्याम के रूप में हुई है.
बताया जा रहा है कि युवक दिन में इलाज के लिए जिला अस्पताल आया था. देर रात उसका शव अस्पताल की दूसरी मंजिल पर मिला. अस्पताल प्रशासन के अनुसार, युवक की मौत प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से होना प्रतीत हो रही है. शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं. हालांकि, मौत के सही कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
काफी देर तक अस्पताल में रहा युवक
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं. चर्चा इस बात की हो रही है कि युवक काफी देर तक अस्पताल परिसर में मौजूद रहा, लेकिन किसी कर्मचारी या सुरक्षाकर्मी की नजर उस पर नहीं पड़ी.
मृत को देखा तो पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, रात करीब साढ़े 11 बजे जिला अस्पताल में तैनात फरीद बाबू राउंड पर पहुंचे, तभी उन्होंने युवक को मृत अवस्था में देखा. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की.
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को जिला चिकित्सालय सूचना मिली कि नीरज कुमार उपचार के लिए अस्पताल आया था, जिसकी प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक के कारण मृत्यु होना प्रतीत हो रही है. मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं. इसके बाद पुलिस पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं