Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आत्महत्या करने से पहले युवक ने एक वीडियो बनाया और इसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया, जिसमें उसने एक व्यक्ति पर पांच लाख रुपये न लौटाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. यह मामला ललितपुर जिले के थाना बार क्षेत्र के सेमरा भाग नगर का है.
ललितपुर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
यह घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है. 26 वर्षीय विशाल लोधी ने अपने घर के बाहर एक पेड़ से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली. परिजनों और स्थानीय लोगों ने विशाल को फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा. हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी. वहीं घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
मौत से पहले वीडियो बनाकर इंस्टग्राम पर किया पोस्ट
मौत से पहले विशाल लोधी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने बताया कि एक माह पहले उसने अपने एक साथी को पांच लाख रुपये दिए थे. इस रुपये के बदले में उसके साथी ने एक माह बाद 7 लाख 50 हजार रुपये लौटाने का वादा किया था, लेकिन 1 माह 10 दिन होने के बाद भी वह रुपये नहीं लौटाया. इतना ही नहीं उसने एक लाख रुपये की और मांग की... नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है. इसलिए वह सुसाइट कर रहा है. ये उसका सेल्फ डिसीजन है, इसमें किसी का कोई हाथ नहीं है.
युवक पर रुपये न लौटाने का लगाया आरोप
थाना अध्यक्ष रमेश चंद्र ने बताया कि युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है और मौत से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाला है, जिसमें उसने नीलेंद्र राजा नाम के एक युवक पर रुपये न लौटाने आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी फरार है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है.
(ललितपुर से ब्रजेश पंत की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: 80 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ी कानपुर मेट्रो, फाइनल टेस्टिंग पूरी; जुलाई में चालू हो सकता है कॉरिडोर-1
ये भी पढ़ें: फार्महाउस, स्कॉर्पियो और भी बहुत कुछ... राम मंदिर चोरी के आरोपी की ऐसी बदली लाइफस्टाइल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं