राम मंदिर दान चोरी मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. जांच में सामने आया है कि इस घोटाले के आरोपियों की लाइफस्टाइल अचानक से काफी बदल गई थी. कभी आर्थिक तंगी झेलने वाला परिवार अब लग्जरी घर, फार्महाउस और महंगी गाड़ियों का मालिक बन गया था. यही बदलाव अब जांच एजेंसियों के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गया है.
एक ही परिवार से जुड़े दो आरोपी
अयोध्या राम मंदिर दान चोरी मामले में एक ही परिवार के दो लोगों का नाम सामने आया है. अनुकल्प मिश्रा और उनके साले लवकुश मिश्रा इस मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों में शामिल हैं. बताया जा रहा है कि दोनों मंदिर में दान में आने वाले पैसे और कीमती सामान की गिनती का काम करते थे.
कैसे बना पूरा नेटवर्क?
जांच में सामने आया है कि अनुकल्प मिश्रा ने अपने साले लवकुश को भी इसी काम में शामिल करवाया था. धीरे-धीरे दोनों इस सिस्टम में मजबूत पकड़ बना चुके थे और अब उन्हें इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड माना जा रहा है. जब जांच टीम उनके गांव पहुंची तो वहां की तस्वीर कुछ और ही कहानी बयां कर रही थी. उनका घर आसपास के बाकी घरों से बिल्कुल अलग और ज्यादा आलीशान नजर आया. पहली नजर में ही यह गांव की सबसे महंगी संपत्ति लग रही थी.
पड़ोसियों के मुताबिक कुछ समय पहले तक इस परिवार की आर्थिक हालत बहुत खराब थी. लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं. गांव के लोगों का कहना है कि अचानक आई इस समृद्धि ने उन्हें भी हैरान कर दिया.
घर, फार्महाउस और महंगी गाड़ियां
स्थानीय लोगों ने बताया कि अनुकल्प मिश्रा ने गांव के बाहर एक फार्महाउस भी बनवाया है. इसके अलावा उन्होंने अयोध्या में करीब 65 लाख रुपये का घर खरीदा. उनके पास पहले से गाड़ी थी और नई स्कॉर्पियो SUV लेने की तैयारी भी चल रही थी. 30 अप्रैल को गांव में एक बड़ा धार्मिक आयोजन भी किया था, जो सात दिन तक चला. इस कार्यक्रम में कई बड़े लोग शामिल हुए. इतने बड़े आयोजन के खर्च को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर पैसा कहां से आया.
लवकुश की लाइफस्टाइल भी बदली
अनुकल्प के साले लवकुश मिश्रा की जिंदगी में भी बड़े बदलाव देखने को मिले. वह किराए के घर में रहते हैं, लेकिन हाल ही में उन्होंने एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत की मोटरसाइकिल खरीदी है. अब पुलिस इस मामले में सबसे अहम कड़ी यानी पैसों की जांच में जुटी है. सभी आरोपियों की संपत्ति, बैंक खातों और खर्च का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी का पैसा कहां-कहां इस्तेमाल हुआ.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं