Kanpur Today News: उत्तर प्रदेश का कानपुर शहर बहुत पुराना और बड़े शहरों में गिना जाता है. यह शहर खबरों को लेकर भी चर्चाओं में रहता है. ऐसे ही घंटाघर टाटमिल पुल से एक दर्दनाक खबर सामने आई, जहां पुल पर एक के बाद एक कई वाहन आपस में टकरा गए. इस बहु-वाहन दुर्घटना में एक जेसीबी, लोडर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक स्कूटी की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए. इसके अलावा NEET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है. 21 जून को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर प्रस्तावित मेगा ब्लॉक फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. रेलवे का कहना है कि जल्द ही इसकी नई तारीख घोषित की जाएगी. यहां पढ़ें कानपुर जिले की आज की ताजा खबरें...
कम CD रेश्यो पर DM सख्त: बैंकों को चेतावनी, बढ़ाएं लोन वितरण वरना होगी कार्रवाई
कानपुर में जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कम सीडी रेश्यो को लेकर बैंकों पर सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि केवल जमा इकट्ठा करना पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके अनुपात में ऋण वितरण भी बढ़ाना होगा. उन्होंने कहा कि सीएम युवा योजना के तहत 6000 लाभार्थियों को समयबद्ध लोन दिया जाना सुनिश्चित किया जाए. समीक्षा बैठक में पाया गया कि कई बैंकों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, जिस पर नाराजगी जताई गई. डीएम ने साफ शब्दों में कहा कि ऋण आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'हाई वोल्टेज ड्रामा', कैमरे पर चोर ने कही बड़ी बात
कानपुर में पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस उस वक्त हाई वोल्टेज ड्रामा में बदल गई, जब कथित मोबाइल चोरी के आरोप में पकड़े गए एक युवक ने कैमरों के सामने ही पुलिस के दावे पर सवाल खड़े कर दिए. पुलिस जब बरामद मोबाइल का डिब्बा उसके हाथ में देने लगी, तो युवक ने साफ इनकार करते हुए कहा, “जब मैंने चोरी नहीं की, तो इसे क्यों पकड़ूं.” उसके इस जवाब से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हक्का-बक्का रह गए. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
जलभराव से जनता बेहाल, सड़क बनी तालाब, घरों से निकलना मुश्किल
कानपुर के जोन 3 के वार्ड 82, बर्रा-जऱौली गुजैनी इलाके में जलभराव की समस्या ने लोगों की जिंदगी मुश्किल कर दी है, जहां सड़कों पर जमा पानी तालाब जैसा नजर आ रहा है और घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जल निकासी की व्यवस्था न होने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है. आक्रोशित नागरिकों ने गंदे पानी में बैठकर प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जल्द समाधान की मांग की.
128 फीट ऊंचे घंटाघर की घड़ी से सुई गायब
कानपुर की ऐतिहासिक लाल इमली मिल का 128 फीट ऊंचा और करीब 105 साल पुराना क्लॉक टावर एक बार फिर चर्चा में है, जहां घड़ी की सुइयां रहस्यमय तरीके से गायब हो गई हैं. पहले प्रबंधन ने आंधी-तूफान को वजह बताया, लेकिन अब चोरी की आशंका भी जताई जा रही है. 5 जून को सुइयां पहली बार गायब दिखीं, जबकि 16 जून को मामला दोबारा सामने आया. घटना की गंभीरता को देखते हुए वस्त्र मंत्रालय ने रिपोर्ट तलब की है. खास बात यह है कि 112 कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद इतनी ऊंचाई पर लगी सुइयां कैसे गायब हो गईं, यह बड़ा सवाल बना हुआ है.

पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून माह के अंतिम सप्ताह में जुलाई माह के प्रथम सत्ता में कानपुर दौरे पर आ सकते हैं. इसलिए पीएम के आगमन और उनकी संभावित जनसभा व कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय अपने दल बल के साथ मैदान पर आए और उन्होंने वहां अफसरो के साथ विचार विमर्श भी किया. रेलवे मैदान पर नगर निगम का बुलडोजर कूड़ा और मलवा उठता नजर आया.
दो दिन से लापता डीसीएम चालक की सिर कूचलकर हत्या
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के हाथीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय डीसीएम चालक गोलू सिंह की निर्मम हत्या कर शव को रूमा हाईवे किनारे फेंक दिया गया. 16 जून को अज्ञात शव मिलने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसकी 17 जून को पहचान हुई. पोस्टमार्टम में सिर और पेट पर भारी वस्तु से वार की पुष्टि हुई है. परिजनों के मुताबिक गोलू दो दिन से लापता था और एक युवक द्वारा पहले दी गई धमकी के बाद तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
अश्लील हरकत मामले में बोतल बाबा गिरफ्तार
औरैया निवासी महिला की शिकायत पर देवराहट थाना पुलिस ने अश्लील हरकत का विरोध करने पर गला दबाने और मारपीट के आरोप में हरीओम यादव उर्फ ‘बाबा’ और दीपक यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार पीड़िता की तहरीर के आधार पर बीएनएस की धाराओं 74/115(2)/109(1) के तहत केस दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
PM Modi Possible Visit to Kanpur: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को लेकर पूरा प्रशासन व अलर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून माह के अंतिम सप्ताह या जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में कानपुर दौरे पर आ सकते हैं. इसलिए पीएम के आगमन और उनकी संभावित जनसभा व कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. आज निराला नगर स्थित रेलवे ग्राउंड पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय अपने दल बल के साथ मैदान पर आए और उन्होंने वहां अफसरों के साथ विचार विमर्श भी किया. रेलवे मैदान पर नगर निगम का बुलडोजर कूड़ा और मलवा उठता नजर आया. नगर आयुक्त अपनी टीम के साथ लगभग 1 घंटे रेलवे ग्राउंड मैदान में घूम घूम कर निरीक्षण करते रहे और तैयारी के लिए अपने अफसर को निर्देश भी देते रहे.
Kanpur Fake Baba: काली छाया हटाने के नाम कानपुर के ढोंगी बाबा ने की दुष्कर्म की कोशिश
कानपुर पुलिस ने ढोंगी बाबा हरिओम महाराज उर्फ हरिओम यादव को गिरफ्तार कर लिया है. इसके खिलाफ देवरहाट थाना क्षेत्र में पूजा के बहाने महिला से दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज है. पढ़ें पूरी खबर- कानपुर का ढोंगी बाबा गिरफ्तार, काली छाया हटाने के नाम पर महिला को आश्रम बुलाकर किया दुष्कर्म का प्रयास
Kanpur Public Problems: टूटी सड़कें और गंदगी का वीडियो बनाने पर भड़क उठे पार्षद पति
कानपुर जाजमऊ के इलाके में पिछले 4 वर्षों से पंचरौजा मजार से लेकर फिल्टर प्लांट तक की सड़क और नाला अपनी बदहाली के आंसू रो रहे हैं. 500 घरों की आबादी, राहगीर, नमाज़ी और टेनरी कर्मचारी इस नरकीय जीवन को जीने को मजबूर हैं. गड्ढे इतने गहरे हैं कि लोग घायल हो रहे हैं, और बदबू ऐसी कि महिलाएं नाक बंद करके निकलने को मजबूर हैं. जब सभी जिम्मेदार लोगों ने आंखे बंद कर लीं, तब थक-हारकर जनता ने अपनी इस 'बदबूदार हकीकत' का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया तो विकास तो नहीं आया, लेकिन पार्षदपति महोदय का गुस्सा जरूर ऑन-कैमरा आ गया. वीडियो वायरल होने से नाराज पार्षदपति फकर इकबाल ने जनता को लोकतंत्र का एक नया पाठ पढ़ा दिया है। सड़क पर आकर कहने लगे कि पहले उन्हें समस्या बताओ. अगर वह 24-48 घंटे में काम न करा पाएं, तब आप उनका वीडियो वायरल करने के हकदार हैं.
Kanpur Road Accident: कानपुर में जेसीबी, लोडर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत, एक गंभीर
कानपुर में देर रात घंटाघर टाटमिल पुल पर एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां एक जेसीबी, लोडर, ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक स्कूटी की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि लोडर आगे से जेसीबी में जा घुसा और गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए. हादसे के बाद पुल पर चीख-पुकार मच गई और लंबा जाम लग गया. घटना की सूचना मिलते ही हरबंस मोहाल थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और वाहनों में फंसे घायल लोगों को बाहर निकाला. इस हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.
Kanpur Hindi News: NEET परीक्षा के मद्देनज़र टला कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का मेगा ब्लॉक
21 जून को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन (Kanpur Central Railway Station) पर प्रस्तावित मेगा ब्लॉक अब नहीं होगा. रेलवे प्रशासन ने NEET परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मेगा ब्लॉक को स्थगित करने का निर्णय लिया है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मेगा ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने की संभावना थी, जिससे परीक्षार्थियों को यात्रा में असुविधा हो सकती थी. इसी वजह से फिलहाल मेगा ब्लॉक टाल दिया गया है.