- कानपुर के किदवई नगर में राह चलती महिलाओं के साथ छेड़खानी और विरोध पर धारदार हथियारों से हमला हुआ
- पीड़ित रानी अपने परिवार के साथ बाजार जा रही थीं जहां आरोपियों ने महिलाओं पर फब्तियां कसकर छेड़खानी शुरू की
- विरोध करने पर आरोपियों ने ब्लेड निकाला और महिलाओं तथा उनके साथ आए युवक पर ताबड़तोड़ वार किए
उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. कानपुर के किदवई नगर में गुरुवार की रात मनचलों ने न सिर्फ राह चलती महिलाओं के साथ छेड़खानी की, बल्कि विरोध करने पर पूरे परिवार पर ब्लेड और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया. महिलाओं को बीच सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा गया. इतना ही नहीं महिलाओं के मोबाइल और पर्स भी छीन लिया. इस हमले में महिलाओं समेत कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनके चेहरों और हाथों पर गहरे जख्म आए हैं.
पहले महिलाओं पर फब्तियां, फिर ब्लेड से वार
पुलिस में दर्ज एफआईआर और पीड़िता रानी (38) के बयान के मुताबिक, 'वह किदवई नगर की मलियन बस्ती की रहने वाली हैं. गुरुवार की रात वह अपनी बहन प्रीति (25), राधा (35), बेटी पलक (20) और बहनोई गौरव (30) के साथ खरीदारी के लिए बाजार जा रही थीं. जैसे ही वह फरुखाबादी होटल और लक्ष्मीपुरवा सुनार के पास पहुंचे, मोहल्ले का ही रहने वाला ऑटो चालक आदिल, उसका साथी दिशांत और दो अन्य अज्ञात लड़के वहां आ धमके.
आरोपियों ने पहले महिलाओं पर फब्तियां कसनी शुरू कीं और छेड़खानी करने लगे. जब रानी और उनके परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए. विवाद इतना बढ़ा कि आदिल और दिशांत ने अपनी जेब से ब्लेड और अन्य धारदार हथियार निकाल लिए. इसके बाद उन्होंने आव देखा न ताव, महिलाओं और उनके साथ मौजूद युवक पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए.
ये भी पढ़ें :- कानपुर लैंबॉर्गिनी हादसा: चार दिन बाद गिरफ्तारी, चंद घंटों में जमानत, क्या होता अगर शिवम सरेंडर करता?
महिलाओं को बीच सड़क घसीट-घसीट कर पीटा
जानकारी के अनुसार, हमलावर इतने उग्र थे कि उन्होंने महिलाओं को सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा. इस दौरान आरोपियों के घर की कुछ महिलाएं भी वहां आ गईं और उन्होंने भी पीड़िता की बहन के साथ मारपीट की. रानी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने उनके दो मोबाइल फोन और पर्स छीन लिए, जिसमें 50 हजार रुपये नकद थे.
दो महिलाओं के चेहरे पर ब्लेड
इस हमले में रानी, उनकी बहनें राधा व प्रीति, बेटी पलक और बहनोई गौरव खून से लथपथ हो गए. दो महिलाओं के चेहरे पर ब्लेड के गहरे घाव हैं, जबकि युवती के हाथ में चोट आई है. घटना की सूचना मिलते ही किदवई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आनन-फानन में सभी घायलों को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया. पीड़िता रानी की तहरीर पर थाना किदवई नगर पुलिस ने मुख्य आरोपी आदिल, दिशांत और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. किदवई नगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें :- प्रशासन की लापरवाही ने ली एक और जान, सड़क किनारे बने गड्ढे के दलदल में 12 घंटे तक फंसा रहा युवक, हुई मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं