- कानपुर देहात की छात्रा आसमां खान ने जिलाधिकारी से बिजली कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई है
- आसमां खान ने 24 अप्रैल 2026 को बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था लेकिन अब तक कनेक्शन नहीं मिला है
- सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो पोस्ट कर गर्मी में बिजली न होने से पढ़ाई प्रभावित होने की बात कही है
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले के अकबरपुर क्षेत्र से एक बेहद भावुक मामला सामने आया है. यहां एक फौजी की बेटी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर जिलाधिकारी (डीएम) से अपने घर में बिजली का कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई है. छात्रा का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
अकबरपुर के कृष्णा नगर निवासी आसमां खान ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 24 अप्रैल 2026 को नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था. आरोप है कि आवेदन के बावजूद अब तक उनके घर में बिजली का कनेक्शन नहीं लगाया गया.

kanpur dehat soldier daughter emotional video viral appeals dm kapil singh for electricity connection
"डीएम अंकल, मैं एक सैनिक की बेटी हूं..."
इधर, आसमां खान की कक्षा छह में पढ़ने वाली बेटी ने सोशल मीडिया पर दो भावुक वीडियो पोस्ट किए. वीडियो में बच्ची कहती है, "डीएम अंकल, मैं एक सैनिक की बेटी हूँ. मेरे पापा वर्तमान में नागालैंड में देश की सेवा कर रहे हैं. हमारा घर अकबरपुर में डीएम आवास के बहुत पास बना हुआ है, फिर भी हमारे घर में बिजली की व्यवस्था नहीं है. भीषण गर्मी में बिजली न होने से मैं और मेरे भाई-बहन बहुत परेशान हैं. गर्मी के कारण पढ़ाई में भी बहुत दिक्कत होती है, हम ठीक से पढ़ नहीं पाते और रात में सो तक नहीं पाते हैं. डीएम अंकल, कृपया मेरी समस्या को समझिए और जल्द से जल्द बिजली की व्यवस्था कराइए. आपकी मदद से हमें बहुत राहत मिलेगी."

kanpur dehat soldier daughter emotional video viral appeals dm kapil singh for electricity connection
पास में ही है बिजली का खंभा
बच्ची की मां आसमां खान का कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. उनके पति देश की सीमा पर तैनात रहकर देश की सेवा कर रहे हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है. बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और भीषण गर्मी में परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. महिला ने यह भी बताया कि उनके घर के पास ही बिजली का खंभा लगा है, इसलिए तकनीकी रूप से कनेक्शन देने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए. उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की जाँच कर नियमानुसार बिजली कनेक्शन दिलाने की माँग की है. उधर, इस पूरे मामले पर कानपुर देहात के जिलाधिकारी कपिल सिंह से सम्पर्क करने की कोशिश की गई, मगर उनके कार्यालय से कहा गया कि साहब इस समय मीटिंग में हैं. इस संबंध में जो भी अपडेट होगा, उससे अवगत करवा दिया जाएगा.

कौन हैं आईएएस कपिल सिंह?
बता दें कि जिलाधिकारी कपिल सिंह भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2015 बैच के अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर में कार्यरत हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एम.फिल. कर चुके कपिल सिंह का जन्म 7 अगस्त, 1975 को हुआ था. अब देखना होगा कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस भावुक वीडियो के बाद प्रशासन इस फौजी के परिवार की समस्या का समाधान कब तक कर पाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं