विज्ञापन

VIDEO: 10 मिनट में गुल्लक साफ करके भागा चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

झांसी में एक चोर ने महज 10 मिनट में दुकान की गुल्लक से 21 हजार रुपये साफ कर दिए और फरार हो गया. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. बताया जा रहा है कि चोरी से पहले आरोपी ने नशा किया था.

VIDEO: 10 मिनट में गुल्लक साफ करके भागा चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

झांसी में चोरी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक चोर ने महज 10 मिनट में दुकान की गुल्लक साफ कर दी और फरार हो गया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें चोर की चालाकी साफ दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने नशा किया और फिर मौके पर पहुंचकर बड़ी सफाई से चोरी कर ली.

दीवार चढ़कर दुकान में घुसा चोर

यह घटना झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित बीकेडी चौराहे के पास की है. यहां जैन ट्रेडर्स नाम से सीमेंट और पेंट की दुकान चलाने वाले नितीश जैन की दुकान को निशाना बनाया गया. सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देता है कि चोर पहले दीवार पर चढ़ा और फिर शटर और दीवार के बीच की खाली जगह से अंदर दाखिल हो गया.

10 मिनट में गुल्लक तोड़कर ले गया रकम

दुकान के अंदर घुसने के बाद चोर ने सीधे काउंटर को निशाना बनाया. उसने पेंचकस की मदद से गुल्लक के ताले तोड़े और करीब 21 हजार रुपये निकाल लिए. यह पूरी वारदात उसने करीब 10 मिनट के अंदर अंजाम दी और उसी रास्ते से वापस फरार हो गया.

सुबह दुकान खोलते ही सामने आई वारदात

दुकानदार नितीश जैन के मुताबिक, वह रोज की तरह सुबह करीब 8 बजे दुकान खोलने पहुंचे. जैसे ही उन्होंने अंदर देखा तो काउंटर के ड्रॉअर और गुल्लक के ताले टूटे हुए मिले. इसके बाद उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किया, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आ गई.

वारदात से पहले नशा करने का दावा

पड़ोस में लगे कैमरों की फुटेज देखने पर चौंकाने वाली बात सामने आई. उसमें दो युवक वारदात से लगभग 20 मिनट पहले नशा करते हुए नजर आए. इसके बाद उनमें से एक ने दुकान में घुसकर चोरी की, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा. 

पीड़ित ने मामले की शिकायत सीपरी बाजार थाना पुलिस से की है. थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com