- अंबेडकरनगर स्थित घर में चारपाई पर मृत पाईं गई थीं आईपीएस की मां इंद्रावती
- IPS आशुतोष मिश्रा ने अपनी मां की हत्या की जताई थी आशंका
- एसपी ने कहा- शरीर पर कोई भी जहीरा चोट के निशान या फाइट मार्क्स नहीं दिखे
यूपी के अंबेडकरनगर में आईपीएस आशुतोष मिश्रा की मां की मौत के मामले में एसपी प्राची सिंह का बयान सामने आया है. एसपी ने बताया कि रविवार को अंबेडकरनगर के थाना मालीपुर क्षेत्रांतर्गत आशुतोष मिश्रा की 94 वर्षीय माताजी की हार्ट अटैक से मौत होने की सूचना प्राप्त हुई. इसके बाद मौत पर संदेह व्यक्त किए जाने पर पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया.
एसपी ने बताया कि तीन डॉक्टरों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट न होने के कारण विसरा प्रिजर्व किया गया है और कार्डियक अरेस्ट से मृत्यु की पुष्टि के लिए हृदय को हिस्टोपैथोलॉजिकल परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है. प्रकरण में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है.
आज दिनांक 16.8.2026 को दिन में 1:13 बजे रमेश चंद्र मिश्रा नामक व्यक्ति ने थानाध्यक्ष मालीपुर को यह सूचना दी की ग्राम रूढ़ा धमरुआ के रहने वाले श्री आशुतोष मिश्रा जी की माता जी का सुबह 8:00 बजे हार्ट अटैक से निधन हो गया है, उसके पश्चात लगभग 2:30 बजे आशुतोष मिश्रा जी ने बताया कि… pic.twitter.com/tNJTUyrmS5
— AMBEDKARNAGAR POLICE (@ambedkarnagrpol) August 16, 2026
आईपीएस अधिकारी आशुतोष मिश्रा के अंबेडकर नगर जिले के रुधा धम्रुआ गांव स्थित उनके घर में उनकी मां इंद्रावती (94) एक चारपायी पर मृत पाई गईं. इंद्रावती अपने पति के निधन के बाद से घर में अकेली ही रह रही थीं. लखनऊ में तैनात आशुतोष मिश्रा दोपहर करीब तीन बजे गांव पहुंचे और अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और डकैती का मामला दर्ज कराया. पुलिस सूत्रों ने बताया कि सोने की चेन, नोज पिन, झुमके और पायल गायब थे, जबकि घर का कोई अन्य सामान अस्त-व्यस्त नहीं मिला. उन्होंने बताया कि परिवार को शक है कि चोर शनिवार रात घर में घुसे और गहने ले जाने से पहले उनकी हत्या कर दी.

कौन हैं IPS आशुतोष मिश्रा?
आशुतोष मिश्रा उत्तर प्रदेश कैडर के 2016 बैच के आईपीएस (SPS प्रमोटिव) अधिकारी हैं, जिनकी सेवा की शुरुआत 20 मई 1998 को पुलिस सेवा (PPS) में हुई थी. वर्तमान में वे पुलिस मुख्यालय (PHQ), लखनऊ में पुलिस अधीक्षक (SP) के पद पर कार्यरत हैं.
यह भी पढ़ें- UP में IPS आशुतोष मिश्रा की मां की हत्या, अंबेडकर नगर में घर में मिली लाश, शरीर पर के जेवर गायब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं