- बुधवार शाम को प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की.
- मुख्यमंत्री ने कहा अपराधियों के लिये प्रदेश में कोई जगह नहीं है.
- कहा पुलिस अधिकारियों को अपनी कार्यशैली को और बेहतर बनाना होगा.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अधिकारियों को बुधवार शाम विशेष निर्देश दिए हैं. उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से निवास कर रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वह अन्य राज्यों की सीमाओं से सटे जिलों से संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखें. उन्होंने कहा कि प्रदेश को भ्रष्टाचार एवं अपराध मुक्त बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों को अपनी कार्यशैली को और बेहतर बनाना होगा और कर्तव्यों का बेहतर निर्वहन करना होगा. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अपराधियों के लिये प्रदेश में कोई जगह नहीं है, उन्हें राज्य छोड़ने को विवश किया जाए.’
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बुधवार शाम बैठक की थी. उसके बाद जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में अवैध रूप से निवास कर रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दिया है.’
यह भी पढ़ें : अखिलेश यादव और मुलायम सिंह यादव लंबे समय बाद एक साथ नजर आए
प्रदेश के विभिन्न जनपदों में गश्त के लिए डायल-100 सेवा के तहत उपलब्ध लगभग 3,200 गाड़ियों से लगातार गश्त कर अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और उनमें भय पैदा किया जाए ताकि वह कुछ गलत करने से डरें.
VIDEO : यूपी पर्यटन विभाग की किताब से गायब हुआ ताजमहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रेल दुर्घटना रोकने के लिए रेलवे एवं रेल सुरक्षा बल के अधिकारियों के साथ सामंजस्य स्थापित करने के लक्ष्य से बैठकें कर आवश्यक कदम उठाए. उन्होंने कहा कि अवैध खनन, अवैध तस्करी एवं पशु तस्करी को पूरी तरह रोकने के लिए अभियान चलाकर संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरत्म कार्यवाही सुनिश्चित करें.
(इनपुट भाषा से)
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं