विज्ञापन

हरदोई में जेल से छूटते ही शक्ति प्रदर्शन, यदुनंदन लाल वर्मा समेत कई पर केस

UP News: हरदोई में जेल से रिहा होने के बाद यदुनंदन लाल वर्मा का जुलूस और शक्ति प्रदर्शन. पुलिस ने नामजदों समेत 50 अज्ञात पर केस दर्ज किया.

हरदोई में जेल से छूटते ही शक्ति प्रदर्शन, यदुनंदन लाल वर्मा समेत कई पर केस
हरदोई में जेल से रिहाई के बाद यदुनंदन लाल वर्मा का जुलूस

Hardoi News: हरदोई जिले में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल वर्मा (Samajwadi Party Leader Yadunandan Lal Verma) की जेल से रिहाई के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया. भगवान श्रीराम और माता कौशल्या को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी के मामले में सोमवार को अदालत से जमानत मिलने के बाद जैसे ही यदुनंदन जेल से बाहर आए, उनके समर्थकों और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने इसे मौके पर शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया. साधारण स्वागत की बजाय सड़क पर बड़ा जुलूस निकाला गया, जिससे इलाके में अफरा‑तफरी मच गई.

नारेबाजी और भीड़ से गरमाया माहौल

जेल से बाहर निकलते ही “जेल के ताले टूट गए” जैसे नारे लगाए गए. बड़ी संख्या में जुटी भीड़ ने पूरे इलाके का माहौल गरमा दिया. जुलूस अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंचा, जहां माल्यार्पण और भाषणबाजी भी की गई. बिना अनुमति इतने बड़े जुलूस और सड़क पर शक्ति प्रदर्शन को लेकर स्थानीय लोग और प्रबुद्ध वर्ग सवाल उठाने लगे कि आखिर यह सब कैसे होने दिया गया.

बयान से और बढ़ा विवाद

जेल से निकलने के बाद यदुनंदन लाल वर्मा के तेवर भी आक्रामक नजर आए. उन्होंने शायराना अंदाज में कहा, “हम सर कटा सकते हैं, मगर सर झुका सकते नहीं.” उनके इस बयान ने साफ कर दिया कि मामला अब सिर्फ एक टिप्पणी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह राजनीतिक दबदबे और संख्या बल दिखाने की दिशा में बढ़ गया है. इस बयान के बाद प्रशासन के सामने कानून‑व्यवस्था को लेकर और चुनौती खड़ी हो गई.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, कई नामजद

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरदोई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की. पुलिस ने यदुनंदन लाल वर्मा, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष करन पासी, पदाधिकारी रितेश पासी समेत पांच लोगों को नामजद करते हुए करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून‑व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.

रितेश पासी हिरासत में, जांच जारी

सीओ सिटी हरदोई अंकित मिश्रा ने बताया कि सूचना मिली थी कि यदुनंदन लाल वर्मा की रिहाई के बाद उनके समर्थकों ने थाना कोतवाली शहर क्षेत्र के अंबेडकर पार्क के पास सड़क जाम कर दी है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला गया. इस मामले में रितेश पासी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है.

प्रशासन ने दिया सख्त संदेश

पुलिस और प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि आगे किसी भी तरह का गैर‑कानूनी प्रदर्शन या सड़क पर हंगामा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है और आयोजनों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

यह भी पढ़ें : नर्मदापुरम की पल्लवी पारे चौकसे ने रचा इतिहास; मिरर इमेज कला से इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में बनाई पहचान

यह भी पढ़ें : कटक में बड़ा हादसा; ओडिशा हाईकोर्ट के सामने भीषण आग, कई वाहन जलकर राख

यह भी पढ़ें : पिता का साया छिना, मां ने खेती-बारी कर पाला, अब संघर्षों की भट्ठी में तपकर 'सोना' बने झारखंड के अंजित मुंडा

यह भी पढ़ें : Maharashtra Weather Alert: महाराष्ट्र में मौसम का डबल अटैक; अगले 4 दिन भारी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com